जौनपुर। वर्षों से बन रहे अधूरे पुल भी मुद्दा बन गए हैं। प्रत्याशियों को इससे दो चार होना पड़ेगा। विकासखंड रामपुर के वरुणा नदी के तट पर छेरहटी घाट के पुल पर रेलिंग तक नहीं बनाया गया है। इस पुल से 50 गांवों के लोगों का भदोही आना जाना होता है। वर्ष 2000 में 22 लाख की लागत से इस पुल का निर्माण कार्य शुरू हुआ। इस दौरान कई सांसद एवं विधायक चुने गए किसी ने इसकी सुधि नहीं ली। 19 वर्ष बीत जाने के बाद भी किसी जनप्रतिनिधि ने इसकी सुध नहीं ली। इसकी रेलिंग तक नहीं बनी है और आवागमन असुरक्षित है। जौनपुर जिले के आखिरी छोर पर बने इस पुल से 50 गांवों के लोग इसी रास्ते भदोही आते-जाते हैं। उसमें खतरे की आशंका बनी रहती है। गांव के अच्छेलाल पांडे, राम पांडे, लालजी पांडे, अभय सिंह, श्याम पांडे, चिंटू पांडे, मिंटू पांडे, पूर्व प्रधान से शेषमन सरोज सहित ग्रामीणों ने उपेक्षित पड़े पुल के मरम्मत की मांग की है। इस संदर्भ में मड़ियाहूं विधायक लीना तिवारी का कहना है कि ऐसा मामला मेरे संज्ञान में था ही नहीं। इस पुल के जीर्णोद्धार को लेकर प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जाएगा और जल्द ही इसका कार्य कराया जाएगा।