जौनपुर। बेतहाशा पड़ रही गर्मी में लोड बढ़ने के कारण जिले में ट्रांसफार्मरों के फूंकने का सिलसिला शुरु हो गया है। एक सप्ताह के अंदर विभिन्न क्षमताओं के कुल 107 ट्रांसफार्मर जल चुके हैं। इन ट्रांसफार्मरों की मरम्मत करने में भी विभाग तेजी नहीं दिखा रहा है। एक सप्ताह से लेकर एक पखवारा तक ट्रांसफार्मरों की मरम्मत कर देने का कार्य किया जा रहा है। जिससे गेहूं की मड़ाई आदि का कार्य प्रभावित हो रहा है। वहीं लोगों को भी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। जिले में छह लाख 25 हजार उपभोक्ता है। जिनको बिजली मुहैया कराने के लिए कुल 38 हजार ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं।गर्मी से बचने के लिए इस समय लोगों द्वारा धुआंधार एसी, पंखा, कूलर आदि का उपयोग किया जा रहा है। जिससे बिजली का लोड बढ़ गया है। ओवर लोड बढ़ने के कारण ट्रांसफार्मरों के भी फूंकने की तादात बढ़ गई है। तकरीबन रोज 14 से 15 ट्रांसफार्मर फूंक रहे हैं। वहीं आठ अप्रैल से लेकर 15 अप्रैल तक 107 ट्रांसफार्मर फुंक चुके हैं। इसमें 10 केवीए के 41, 25 केवीए के 48, 63 केवीए के नौ, 100 केवीए के पांच तथा 250 और 400 केवीए के दो-दो ट्रांसफार्मर जले हुए हैं। ट्रांसफार्मर फुंकने से गेहूं की मड़ाई का कार्य प्रभावित हो रहा है। किसान गेहूं की मड़ाई का कार्य जल्द से जल्द कर लेना चाह रहे हैं। ट्रांसफार्मर फुंकने के कारण किसान लाचार हो जा रहे हैं। काफी जद्दोजहद के बाद मरम्मत के लिए ट्रांसफार्मर वर्कशाप में लाया जा रहा है। लेकिन वहां भी समय से ट्रांसफार्मरों का मरम्मत कर नहीं दिया जा रहा है। सूत्रों की मानें तो ट्रांसफार्मर बदलकर मिलने में एक माह का समय गुजर जा रहा है।
48 घंटे में नहीं बदला जा रहा ट्रांसफार्मर
जौनपुर। प्रदेश सरकार ने 48 घंटे में ट्रांसफार्मर बदलने का आदेश जराकिया है लेकिन निर्धारित समय में ट्रांसफार्मर बदले नहीं जा रहे हैं। नगर के अहमद खां मंडी मोहल्ले में तीन दिनों से ट्रांसफार्मर फूंका पड़ा है। लेकिन ट्रांसफार्मर अभी तक बदला नहीं गया है और न ही उसे मरम्मत करने के लिए ले जाया गया है।
गर्मी में एसी व कूलर आदि के चलने से ओवरलोड बढ़ रहा है। इससे ट्रांसफार्मर जल रहे हैं। ट्रांसफामरों को निर्धारित समय के अंदर बदलने का आदेश दिया गयगा है। काल सेंटर के 1912 नंबर पर आने वाली शिकायतों के त्वरित निस्तारण करने के लिए जिले के सभी एक्सईएन, एसडीओ व जेई का वाट्सएप ग्रुप बनाया गया है।
-एके मिश्रा, अधीक्षण अभियंता