बदलापुर। छुट्टा पशुओं के फसल को बर्बाद किए जाने से आक्रोशित आधा दर्जन गांव के किसानों ने मेढा गांव के पास प्रदर्शन कर विरोध जताया। किसानों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर गोशाला बनाए जाने की मांग की। किसानों ने आरोप लगाया कि छुट्टा पशु किसानों की खड़ी फसल को बर्बाद कर रहे हैं। जानकारी के बाद भी सरकार और विभाग के अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। गेंहू की फसल पक कर तैयार होने वाली है। पशुओं का झुंड जिस खेत में पहुंच रहा पूरी फसल को रौंदकर चौपट कर दे रहे हैं। उपजिलाधिकारी ने मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी तथा बदलापुर के खंड विकास अधिकारी को पत्र लिखा है। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया है कि जल्द ही गौशाला का निर्माण करा दिया जाएगा। ग्राम प्रधान मेढ़ा सच्चिदानंद तिवारी की अगुवाई में फिरोजपुर, जमऊपट्टी, मेढ़ा , रतासी, बदलपट्टी, बहरीपुर आदि गांव के किसानों का आरोप है कि सौ से अधिक की संख्या में छुट्टा आवारा पशु आतंक मचा रखे हैं। प्रदर्शन करने वाले में भगवान प्रसाद यादव, राकेश तिवारी , विकास जायसवाल, अनुराग पाण्डेय, विनोद सिंह, दिनेश कुमार मौर्य, डा. दिनेश कुमार सिंह, राहुल शुक्ला, पप्पू उपाध्याय , अखिलेश कुमार शर्मा, मुन्ना, छोटे तिवारी, उमाशंकर निषाद आदि मौजूद रहे।