बदलापुर । पंचायतों में मनरेगा के विकास कार्यों का स्टीमेट अब आनलाइन होगा। अब तक यह कार्य मैनुअल किया जाता था। पहले कार्यों का मैनुअल स्टीमेट खंड विकास अधिकारी से स्वीकृति होकर कार्यालय में जमा हो जाया करता था। अब ई सक्षम साफ्टवेयर में ई-स्टीमेट फीड कर कार्य की अनुमति लेनी पड़ेगी। जिसके बाद गांव में विकास कार्य कराया जाएगा। कार्यप्रणाली में इस बदलाव के लिए संबन्धित अवर अभियंता तथा तकनीकी सहायकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। सूत्रों की मानें तो यह व्यवस्था एक अप्रैल से लागू कर दी जाएगी। गौरतलब है कि गांव के मजदूरों का शहरों की तरफ पलायन रोकने के लिए महत्वाकांक्षी योजना मनरेगा वर्ष 2005 में शुरू की गई थी, जिसमें रोजगार मांगने वालों का जाबकार्ड बनाकर एक वित्तीय वर्ष में 100 दिन का काम देने और तय मजदूरी दिए जाने की व्यवस्था है। योजना में अनियमितता होने की शिकायत पर सरकार ने अब मजदूरों का भुगतान सीधे उनके खाते में भेजी जा रही है। खंड विकास अधिकारी रमाशंकर सिंह ने बताया कि इसके लिए अवर अभियंताओं को लैपटॉप से लैस किया जाएगा।