जौनपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्रों पर तैयारी शुरू हो गई है। सीटिंग प्लान लगाने के साथ ही कमरों में छात्रों के हिसाब से सीट लगाई जा रही है। निर्देश है कि परीक्षा शुरू होने से पहले ही सीटिंग प्लान करके कमरों को सील कर दिया जाए। बोर्ड परीक्षा के लिए कुल 255 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 7698 कक्ष निरीक्षक लगाए जाएंगे। जरुरत पड़ने पर कक्ष निरीक्षकों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
बोर्ड परीक्षाएं सात फरवरी से शुरू हो रही हैं। बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्रों पर तैयारी शुरू हो गई है। परीक्षा केंद्रों पर ड्यूटी के लिए 7698 कक्ष निरीक्षक लगाए जाएंगे। इसमें 2168 कक्ष निरीक्ष बेसिक के हैं। सभी केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक के साथ एक सहायक केंद्र व्यवस्थाक भी लगाए जाएंगें। परीक्षा की निगारनी के लिए नौ विभागीय सचल दस्ता लगाया है। 42 संबेदनशील और 14 अतिसंवेदनशील केंद्रों पर विशेष नजर रखी जाएगी। परीक्षा के निगरानी के लिए 38 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 56 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 6 जोनल मजिस्ट्रेट और दो सुपर जोनल मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं।
केंद्र व्यवस्थापक परीक्षा के लिए कक्ष की सफाई कराने में जुट गए हैं। टीडी कालेज के प्रधानाचार्य वीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि परीक्षा के लिए कमरों की सफाई कराई जा रही है। जिला विद्यालय निरीक्षक डा. बृजेश मिश्र ने बताया कि परीक्षा की तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।