जौनपुर। महाशिवरात्रि का पर्व सोमवार को धूमधाम से मनाया गया। शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए सुबह से ही लोगों की भीड़ लगी रही। हर-हर महादेव के जयकारे से दिनभर शिवालय गूंजते रहे। बेलपत्र, धतूर, बेर, गन्ना, दूध आदि चढ़ाकर भक्तों ने आदि देव भगवान शंकर की पूजा अर्चना की। मंदिरों पर भजन कीर्तन और मेले का भी आयोजन किया गया। घंटा घड़ियाल से देर शाम तक शिवालय गूंजते रहे। दोपहर के समय बैंड बाजे के साथ भगवान शंकर की भव्य बारात और शोभायात्रा निकाली गई।
त्रिलोचन महादेव मंदिर में इस बार लोगों की लाइनें दर्शन पूजन करने के लिए लगी रहीं। भोर से ही लोगों के आने का सिलसिला शुरू हुआ तो शाम तक चलता रहा। दर्शन पूजन मुहुर्त के हिसाब से भी लोगों ने किया। कई लोगों ने पोखरे के घाटों पर बैठकर अभिषेक कराया। सुरक्षा को लेकर पांच एसओ लगाएं तो गए थे, लेकिन जलालपुर इंस्पेक्टर ही परेशान दिखे। अन्य एसओ दस बजने के बाद इधर-उधर सरक लिए। सुजानगंज सहित अन्य मंदिरों पर भी भीड़ रहीं। शहर के मैहर माता मंदिर, गोपीघाट पर गोमतेश्वर शिव मंदिर, चौकिया शीतला माता मंदिर सहित शहर एवं गांव के मंदिरों पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। सोमवार को प्रजापति ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय रुहट्टा और मड़ियाहूं में शिव बारात और शोभा यात्रा निकाली गई। बैंड बाजे के साथ भजन कीर्तन करते बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
मछलीशहर : दियावा नाथ शिवधाम में सोमवार को दर्शन पूजन के लिए भक्तों की भीड़ रही। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक एवं फूल बेलपत्र आदि चढ़ाकर आशीर्वाद मांगा। भांग, बेर, बर्रे का फूलफल, जौ की बाली, गन्ने का रस एवं टुकड़े इत्यादि उनकी शिवलिंग पर अर्पित करते हैं। मेहरवा महादेव, बउरहउ बाबा ,शोभनाथ महादेव, पारसनाथ महादेव मंदिर पर मेला लगा।
सिकरारा: शक्तेश्वर नाथ धाम पर भक्त शनिवार से प्रारम्भ श्री राम चरित मानस पाठ के समापन पर हवन में भाग लिए। भक्तों ने बेल पत्र-फल, भंग, गन्ना की गेंड़ी, बेर, धतूरा का फूल-फल, दुग्ध गंगाजल से शिवार्चन किया। देवपुर, बिसंवा अजोशी धाम पर भी बड़ी संख्या में लोगों ने पूजन अर्चन किया।
जलालपुर : क्षेत्र के त्रिलोचन महादेव में दर्शन पूजन के लिए शिव भक्तों का रेला उमड़ पड़ा। भोर से ही शिव भक्त बाबा भोले शंकर का दर्शन-पूजन के लिए लाईन में लग गए। मंदिर में दर्शन व जलाभिषेक किये। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस तैनात रही। अपराध निरोधक कमेटी के अध्यक्ष एजाज अहमद पूरी टीम मेले में सहयोग किया।
मीरगंज : महाशिवरात्रि पर्व पर मंदिरों पर जलाभिषेक करने के लिए भक्तों की भीड़ रही। कुतौलिया बीर बाबा मन्दिर भटहर, जगदीश्वर नाथ मन्दिर अदारी, शिव मन्दिर मोलनापुर, शिव मंदिर अगहुआ, बाबा पंगुदास मन्दिर मीरगंज में मेले का आयोजन भी किया गया। धर्मापुर: शिव रात्रि के पावन पर्व पर धर्मापुर के ऐतिहासिक शिव मंदिर पर जलाभिषेक के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। पुजारी राम दुलार ने बताया कि इस बार महा शिवरात्रि सोमवार को पड़ी जिसका विशेष महत्व है।
नेवढ़िया : महाशिवरात्रि पर विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल व महादेव सेवा समिति भवानीगंज के सौजन्य से क्षेत्र के हथेराडीह शिवालय से गौरीशंकर धाम तक बड़े धूमधाम से गाजे बाजे, घोड़े हाथी के साथ शिव बारात निकाली गई। बारात की अगुवाई प्रधान आशुतोष तिवारी व संतोष सेठ ने की। हाथी घोड़ा, नंदी बैल व डीजे बारात निकाली गई।
बदलापुर। महाशिवरात्रि पर्व पर गौरीशंकर मंदिर चंदापुर, चौरेश्वर धाम छंगापुर, भगवान दूधनाथ दुगौली खुर्द, कवंचलनाथ मंदिर दाउदपुर, बाबा विश्वनाथ धाम बदलापुर खुर्द में सुबह से जलाभिषेक के लिए लोगों की भीड़ रही। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरी विश्वविद्यालय द्वारा शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान डा. अशोक मिश्र, डा. प्रमोद मिश्र, आरती, हरिश्चंद्र, राजेश, जगदीश विन्द आदि उपस्थित रहे।
केराकत : गोमतेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही शिव भक्तों का भारी भीड़ दर्शन पूजन के लिए पहुंची। हुरहुरी, देवकली, मुफ्तीगंज, शिवनगर, पूरनपुर, भौरा व अमिहित स्थित शिव मंदिरों में भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पूजा अर्चना किया।
डोभी : महाशिवरात्रि पर चंद्रकेश्वर महादेव मंदिर, रामगढ़ स्थित बराह शिव मंदिर, हरिहरपुर स्थित बेलनाथ मंदिर के अलावा मढ़ी, नरकटा, हरदासीपुर, बजरंगनगर, कछवन, थुंही सहित अन्य शिवालयों में श्रद्धालुओं द्वारा जलाभिषेक कर पुण्य अर्जित किया। बरईपार : बटेश्वर नाथ महादेव मंदिर घसीटा, विश्वम्भर नाथ शिव मंदिर खपरहा, करछूल नाथ मंदिर कन्धी समेत अन्य शिवालयों में दर्शन पूजन के लिए भीड़ उमड़ी।
शिवरात्रि पर स्थापित हुआ शिवलिंग
जौनपुर। महाशिवरात्रि पर खुटहन के सौरईयां गांव स्थित नव निर्मित मंदिर में शिवलिंग की स्थापन हवन पूजन के साथ की गई। पंडित अखिलेश मिश्रा ने वैदिक रीति से मंत्रोच्चार के साथ शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा कराई। भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। इस मौके पर शोभनाथ, जियालाल, अरबिंदो अमित, संतोष, निर्मला मदनलाल, कीमती लाल आदि मौजूद रहे।
पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से लगा रहा जाम
जलालपुर। क्षेत्र के त्रिलोचन महादेव मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने के कारण जाम जैसी स्थिति खड़ी हो गई। पार्किंग की व्यवस्था न होने के कारण लोग आडे़ तिरछे वाहन खडे़ कर दर्शन पूजन करने चले गए। जिससे जाम लग गया।