बदलापुर। वाराणसी-सुल्तानपुर रेल मार्ग पर श्रीकृष्ण नगर रेलवे स्टेशन से पश्चिम गेट संख्या 56 बबुरा गांव के पास बुधवार की रात टूटी हुई रेल पटरी पर गेटमैन की नजर पड़ गई। उसने तत्काल इसकी सूचना अधिकारियों को दी। इसी समय लखनऊ जा रही एकात्मता एक्सप्रेस को तत्काल स्टेशन पर रोका गया, जिससे बड़ा हादसा बच गया। इसके बाद कर्मचारियों ने पटरी की मरम्मत की तब यातायात बहाल हो सका। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक एकात्मता एक्सप्रेस खड़ी रही। बबुरा गांव के पास स्थित गेट संख्या 26 पर क्रसिंग पर रात में रेल पटरी टूट गई थी। यहां तनात गेटमैन गेटमैन लव कुमार पांडेय की नजर रात में करीब 1:25 बजे टूटी हुई रेल पटरी पर पड़ी तो वह अवाक रह गया। उसने फौरन इसकी जानकारी स्टेशन अधीक्षक को दी। इस पर स्टेशन अधीक्षक ने लखनऊ की ओर जा रही गाड़ी संख्या 14261 अप एकात्मता एक्सप्रेस को श्रीकृष्ण नगर रेलवे स्टेशन पर 1:32 बजे रोक लिया और घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। इसके बाद वरिष्ठ खण्ड अभियंता सुकाउराव कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे और पटरी की मरम्मत कराई। करीब डेढ़ घंटे बाद 3:10 बजे पटरी दुरुस्त होने पर एकात्मा एक्सप्रेस को आगे के लिए रवाना किया गया।