जौनपुर। राजा श्री कृष्ण दत्त पीजी कालेज में छात्र संघ चुनाव कराने की मांग को लेकर मंगलवार को छात्र कालेज के गेट पर धरने पर बैठ गए। कालेज प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्रों के हंगामे को देखते हुए कालेज अनिश्चित काल के लिए बंद कर दिया गया। छात्रों का आरोप है कि कालेज प्रशासन जानबूझ कर चुनाव कराने से कतरा रहा है। कई बार चुनाव कराने की मांग की गई लेकिन कालेज प्रशासन हर बार हीलाहवाली कर रहा है।
टीडी कालेज में छात्र संघ चुनाव होने के बाद ही राज कालेज में छात्र संघ का चुनाव होता रहा है। इस बार भी टीडी कालेज में चुनाव करा दिया था। लेकिन जब मतगणना का काम शुरू हुआ तो एक प्रत्याशी ने मतपत्रों को फाड़ दिया था। जिसके कारण कालेज प्रशासन को चुनाव निरस्त करना पड़ा। अब राज कालेज के छात्र भी चुनाव कराने की मांग कर रहे हैं। लेकिन कालेज प्रशासन चुनाव कराने के मूड में नहीं है। इसी को लेकर मंगलवार को छात्र कालेज के गेट पर धरने पर बैठ गए और कालेज के खिलाफ हंगामा खड़ा कर दिया। इसे देखते हुए कालेज प्रशासन ने कालेज अनिश्चित काल के लिए बंद कर दिया। हालांकि कालेज में 22 दिसंबर के करीब शीतावकाश होने की संभावना थी लेकिन इसी बीच छात्र चुनाव कराने के मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। प्राचार्य डा. विष्णु दत्त त्रिपाठी की अध्यक्षता में प्राक्टोरियल बोर्ड की बैठक में निर्णय के बाद कालेज बंद कर दिया गया। धरना प्रदर्शन करने वालों में निखिल राय, महेश यादव, सुरेंद्र मौर्य, आशीष कुमार यादव, सूरज मौर्य, राहुल मौर्य, प्रिंस मौर्य, अखिलेश, रविंद्र यादव, अक्षय यादव, संदीप यादव, सचिन कुमार आदि मौजूद थे।
जौनपुर। राज कालेज में छात्र संघ चुनाव कराने की मांग को लेकर छात्रों ने डीेएम को पत्रक सौंपा। छात्रों का कहना है कि चुनाव के लिए अनिश्चित कालीन धरना शुरू कर दिया गया है। यदि जिला प्रशासन कुछ पहल नहीं करता है तो छात्रों का धरना जारी रहेगा। पत्रक देने वालों में महेश यादव, सुरेंद्र मौर्य, आशीष कुमार यादव, सूरज मौर्य, राहुल मौर्य, प्रिंस मौर्य, अखिलेश, रविंद्र यादव, अक्षय यादव, संदीप यादव, सचिन कुमार आदि मौजूद थे।