मछलीशहर। अतिक्रमण हटाओ अभियान चलने के दूसरे दिन ही कस्बे की सड़कों पर दुकानदारों और ठेला-खोमचा वालों ने कब्जा जमा लिए। इसके चलते मंगलवार को फिर जाम की समस्या से राहगीरों को जूझना पड़ा। दोपहर में तहसील से लेकर सब्जी मंडी तक घंटों जाम लगा रहा। इंटर कालेज और तहसील गेट से लेकर सब्जी मंडी तक सड़क की पटरियों पर ठेले, खमोचे वालों के अतिक्रमण से जाम की समस्या बढ़ गई है। नगर के लोगों की शिकायत पर सोमवार को पुलिस बल के साथ नगर पंचायत के अधिकारियों ने अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाया था। इस दौरान ईओ धीरज कुमार सिंह और सीओ विजय सिंह ने दुकानदारों को दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी दी थी लेकिन नगर पंचायत की टीम के वहां से हटते ही लोगों ने सड़कों और पटरियों पर फिर कब्जा जमा लिया। इसके चलते मंगलवार को सुबह से ही जाम की समस्या उत्पन्न हो गई। दोपहर में सब्जी मण्डी से लेकर तहसील गेट, फौजदार इंटर कालेज के सामने, रोडवेज वाली गली और जंघई तिराहे पर घंटों लोगों को जाम से जूझना पड़ा है। स्कूलों की छुट्टी होने पर बच्चे भी जाम में फंसे रहे।