सीएमओ कार्यालय परिसर में बने स्टोर में कोरोना वैक्सीन ले जाते स्वास्थ्यकर्मी।
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। कोरोना को हराने के लिए जिस वैक्सीन का लोगों को बेसब्री से इंतजार था वह बुधवार की देर शाम जिले में पहुंच गई। कड़ी सुरक्षा में वाराणसी से जौनपुर लाए गए वैक्सीन को सीएमओ कार्यालय परिसर में बने आइस लेबल रेफ्रिजरेटर में रखा गया है। पहले खेप में 1717 वायल वैक्सीन है। एक वायल से 10 लोगों का वैक्सीनेशन होगा। रुट चार्ट तैयार करने के बाद इसे 16 को सुबह ही सभी 21 केंद्रों पर पहुंचाया जाएगा। इसी दिन वैक्सीनेशन की शुरुआत होगी। एक वायल की सील टूटने के बाद उसे अधिकतम चार घंटे में उपयोग करना होगा।
वैश्विक महामारी कोरोना से राहत पाने के लिए लंबे समय से वैक्सीन का इंतजार हो रहा था। तीन चरणों में पूर्वाभ्यास सफल होने के बाद वैक्सीनेशन का रास्ता साफ हो गया था। मंगलवार को पहले वैक्सीन लखनऊ पहुंचा। वहां से वाराणसी होते हुए बुधवार की देर शाम कड़ी सुरक्षा में इसे जौनपुर लाया गया। डीएम दिनेश कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. राकेश कुमार की मौजूदगी में इसे आईएलआर में सुरक्षित रखा गया। सीसी टीवी कैमरे से निगरानी की जा रही है। सुरक्षाकर्मियों की भी तैनाती की गई है। जिले में 16 जनवरी से वैक्सीनेशन की शुरुआत होगी। पहले चरण में जिले के 21 स्वास्थ्य केंद्रों पर 2100 फ्रंटलाइन वर्कर्स (स्वास्थ्य कर्मी) को टीका लगाया जाएगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि वैक्सीन सुरक्षित जिले में पहुंच गई है। अब रुट चार्ट बनाकर इसे सभी केंद्रों पर पहुंचाया जाएगा, ताकि 16 को समय से टीकाकरण की शुरुआत की जा सके। जिन कर्मचारियों को पहले चरण में वैक्सीन लगाया जाना है, उनकी सूची पहले ही तैयार कर पोर्टल पर फीड की जा चुकी है।
---
इन केंद्रों पर होगा वैक्सीनेशन
कोविड वैक्सीनेशन पहले 25 केंद्रों पर होना था। पूर्वाभ्यास भी सभी 25 केंद्रों पर हुआ था। बाद में 21 केंद्रों पर ही वैक्सीनेशन का निर्णय लिया गया है। सीएमओ ने बताया कि मुख्यालय पर जिला पुरुष व महिला चिकित्सालय, लीलावती चिकित्सालय पर वैक्सीनेशन होगा। इसके अलावा करंजाकला, सिरकोनी, महाराजगंज, सुईथाकला सीएचसी को छोड़कर अन्य सभी 18 सीएचसी पर कोविड वैक्सीनेशन किया जाएगा।