मीरगंज (जौनपुर) । वाराणसी-इलाहाबाद रेलवे रूट से कामायनी एक्सप्रेस व सारनाथ एक्सप्रेस अप डाउन ट्रेन का संचालन फिर से शुरू कर दिया गया है। वाराणसी स्टेशन पर मरम्मत कार्य होने के कारण दोनों ट्रेनें पिछले एक माह से गोपीगंज के रास्ते चलाई जा रही थी। अब इन ट्रेनों के जंघई के रास्ते संचालन होने से लोगों को यात्रा में काफी राहत मिलेगी। वाराणसी-जंघई-इलाहाबाद रूट होकर चलने वाली 11072 वाराणसी से कुर्ला कामायनी एक्सप्रेस, 11071 कुर्ला से वाराणसी कामायनी एक्सप्रेस, 15159 छपरा से दुर्ग सारनाथ एक्सप्रेस, 15160 दुर्ग से छपरा सारनाथ एक्सप्रेस का संचालन पिछले एक माह से जंघई के रास्ते से बंद कर दिया गया था। इस दौरान दोनों ट्रेनें वाराणसी-गोपीगंज-इलाहाबाद के रास्ते चलाई जा रही थी। रेलवे ने इन ट्रेनों को एक माह के लिए किस लिए डायवर्जन किया था। इसकी जानकारी लोगों को नहीं हो सकी थी। इस बीच इन ट्रेनों को हमेशा से गोपीगंज के रास्ते से चलाने की अफवाह भी फैल गई थी, जिसके कारण जंघई रूट से यात्रा करने वालों में नाराजगी भी देखी गई थी। लोगों का कहना था की पुन: ट्रेन जंघई के रास्ते चलाई जाय। सोमवार एक अप्रैल से इन दोनों ट्रेनों को संचालन पुन: जंघई के रास्ते शुरू हो गया। स्टेशन अधीक्षक दशरथ लाल का कहना है कि सारनाथ एक्सप्रेस व कामायनी एक्सप्रेस का संचालन जंघई के रास्ते होने का मैसेज कंट्रोल से आ गया है, उक्त ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया है।