जौनपुर। अलग पूर्वांचल राज्य बनाने व राज्य पुनर्गठन आयोग का गठन करने की मांग को लेकर पूर्वांचल राज्य गठन मोर्चा का कलेक्ट्रेट परिसर में चल रहा तीन दिवसीय अनशन दूसरे दिन मंगलवार को भी जारी रहा। इस दौरान मांगों को लेकर राजनैतिक दलों द्वारा की जा रही उपेक्षा के विरोध में अनशन स्थल पर मुंडन कराने का निर्णय लिया गया । पूर्वांचल राज्य गठन मोर्चा के संयोजक राजकुमार ओझा ने अपनी मांगों को दोहराते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में सभी प्रमुख पार्टियों का भरपुर विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आजादी के 50 वर्ष बाद यदि कांग्रेस ने पूर्वांचल के विकास के बारे में नहीं सोचा तो भाजपा ने भी पूर्वांचल की दुर्दशा और अति पिछड़ेपन को दूर करने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया है। जबकि सपा व बसपा के पास विकास की कोई नीति नहीं है और न ही इन पार्टियों के नेताओं के पास जातिवाद के अलावा कोई सोच है। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल अलग राज्य स्थापना के लिए मोर्चा अडिग है। इसके लिए जो भी कदम उठाना पड़ेगा। उसके लिए हम तैयार हैं। अनशन में रजनीश तिवारी, संजय उपाध्याय, विशुन देव गौतम, राजकुमार गौतम, विनोद यादव, सत्यप्रकाश मिश्रा, योगेश पांडेय, कलानाथ मिश्रा, सुशांत मिश्रा, मनीष सिंह, प्रमिला, आराधना, व दयाराम गौतम आदि मौजूद रहे।