बक्शा। विद्युत उपकेंद्र गोरियापुर और सवंसा से जुड़े करीब 60 गांवों की बिजली रविवार की शाम सात बजे से लगातार 22 घंटे तक गुल रही। उसरा बाजार के पास 33 हजार वोल्ट लाइन का इंसुलेटर ब्रस्ट होने के कारण आपूर्ति ठप रही। जेई और एसडीओ के साथ बिजली विभाग के कर्मचारियों ने गड़बड़ी को ढूंढ़कर ठीक किया और सोमवार को करीब पांच बजे बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
रविवार की शाम करीब सात बजे तेज हवा के साथ शुरू हुई बारिश के बीच गोरियापुर और सवंसा विद्युत उपकेंद्र पर आने वाली 33 हजार वोल्ट बिजली की आपूर्ति अचानक ठप हो गई। इस कारण दोनों विद्युत उपकेंद्रों के छह फीडरों से होने वाली 60 गांवों की बिजली सप्लाई बंद हो गई। नौपेड़वा, बक्शा, शिवगुलामगंज, बेलापार, बबुरा, हयातगंज, गोरियापुर, खुशहूपुर, चुरावनपुर, सड़ेरी, मोहम्मदपुर, दक्षिणपट्टी, उत्तरपट्टी, बर्रेपट्टी, सदरुद्दीनपुर, महिमापुर, करतिहां, मगरेसर, काजी नेवादा, रस्तीपुर, दरियावगंज, मई समेत करीब 60 गांवों में सारी रात बिजली नहीं रही। सोमवार को सुबह एसडीओ एम प्रसाद और जेई अमर राठौर के साथ बिजली विभाग के कर्मचारी फाल्ट ढूंढने में लग गए। दोपहर बाद उसरा बाजार के पास फाल्ट मिला। जहां 33 हजार वोल्ट लाइन का इंसुलेटर ब्रस्ट होने के कारण बिजली आगे पास नहीं हो रही थी। इंसुलेटर को ठीक करने के बाद शाम करीब पांच बजे विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई।