इनके प्रकोप में आने से कस्बे के लोग सहम गए हैं। तेजी से बढ़ते संक्रमण के लिए स्थानीय प्रशासन को जिम्मेदार मान रहे हैं। लोगों का कहना है कि दो दुकानदारों के संक्रमित होने के बाद भी कोई कंटेन्मेंट जोन नहीं बनाया गया और न ही कोई अन्य सतर्कता के उपाय अपनाए गए। इसी का असर है कि अन्य व्यापारी भी कोरोना की गिरफ्त में आ गए हैं।
हालांकि शुक्रवार की रिपोर्ट आने के बाद आनन-फानन में नगर पंचायत प्रशासन ने सैनिटाइजेशन का कार्य शुरू कराया। सुभाषनगर, पोस्ट ऑफिस की गली, महराजगंज रोड, नहर की पटरी सहित अन्य इलाकों में बैरिकेडिंग कराई गई। एसडीएम अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि बदलापुर को कंटेन्मेंट जोन घोषित किया गया है।
अग्रिम आदेश तक यहां दुकानें नहीं खुलेंगी। खाद्य सामग्री की आपूर्ति की होम डिलीवरी करायी जाएगी। उधर, शहर के कसेरी बाजार निवासी एक सराफा दुकानदार और खरका कॉलोनी निवासी युवक भी कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। डोभी के चौबेपुर में दो व विशुनपुर में एक व्यक्ति कोरोना से संक्रमित मिला है। एक मरीज मड़ियाहूं के कुंभी मोकलपुर का है।
शुक्रवार को एक तरफ जहां 17 नए मरीज मिले तो दूसरी ओर पहले से भर्ती 16 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। इसमें मड़ियाहूं के कूढ़ा निवासी पिता-पुत्री, बरसठी के महमदपुर निवासी दो सगी बहनें, रामपुर थाने के दो सिपाही भी शामिल हैं। सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें स्वस्थ घोषित करते हुए अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। जिले में अब एक्टिव केस 198 रह गए हैं।
हाईकोर्ट के निर्देश पर जिला जज मदनपाल सिंह ने शनिवार वरविवार को बंद रखने का आदेश दिया है। इस अवधि में न्यायालय परिसर का पूर्णतया सैनिटाइजेशन कराया जाएगा। सभी न्यायालयों को न्यायिक कार्यों और प्रशासनिक मामलों के लिए खोला जाएगा।
सभी पीठासीन अधिकारीगण को निर्देशित किया है कि अगर वह किसी वाद के परीक्षण में साक्ष्य अंकित करना उचित समझें तो विचाराधीन वादों में मौजूदा प्रावधानों नियमों दिशा-निर्देशों एवं परिपत्रों के अंतर्गत जिला जज की अनुमति लेकर साक्ष्य अंकित कर सकते हैं। वीडियो कांफ्रेंसिंग से रिमांड की कार्यवाही के लिए किसी न्यायिक मजिस्ट्रेट को नामित करने के लिए सीजेएम को निर्देश दिया है।