जौनपुर। साहित्यिक संस्था राष्ट्रीय कवि संगम की ओर से सद्भावना कालोनी में रविवार को शहीदों के सम्मान में कवि गोष्ठी का आयोजन किया गया। शुरुआत आयोजक विभा तिवारी ने सरस्वती वंदना से की।
गिरीश श्रीवास्तव गिरीश ने कहा कि ‘देश अपना गर्व करता है शहादत पर तेरे, ऐ शहीदों आप से कायम वतन की शान है।’ गिरीश ने कई मुक्तक व अवधी में गीत सुनाए। आशुतोष पाल और देवेंद्र पांडेय चराग ने गजलें सुनाईं। राजेश पांडेय ने ‘कैसा जिया घबराए न आए सजना’ गीत सुनाकर सभी को भाव विभोर कर दिया। रामजीत त्रिपाठी ने कविताएं, अंसार जौनपुरी ने गजल, राहुल राज मिश्र ने गीत सुनाए। विभा तिवारी ने मैंने जो मोहब्बत को जताया नहीं होता, तो तूने मेरे दिल को दुखाया नहीं होता गजल पढ़ कर गोष्ठी को ऊंचाई प्रदान की। ओमप्रकाश मिश्र ने प्रेम की व्याख्या करने वाली कविता सुनाई। मुख्य अतिथि स्वामी विवेकानंद इंटर कालेज मड़ियाहूं के प्रधानाचार्य विनोद कुमार तिवारी, अध्यक्षता रमेश चन्द्र सेठ व संचालन युवा कवि अमृत प्रकाश ने किया।