सुईथाकला। क्षेत्रिय साधन सहकारी समिति के सचिव के चार्ज को लेकर समिति के अध्यक्ष व अधिकारी एवं तहसील प्रशासन आमने-सामने हो गए हैं। विभागीय अधिकारी और तहसील प्रशासन के मिली भगत से उक्त साधन सहकारी समिति का ताला तोड़कर समिति के क्लर्क को जार्च दिलाने का मामला गरमा गया है। समिति के अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री व सहकारिता मंत्री आदि को पत्र भेजकर मामले की जांच कर कार्यवाई करने की मांग की है।
25मई को विभागीय अधिकारी एवं तहसीलदार अभिषेक राय के नेतृत्व में बिना साधन सहकारी समिति के अध्यक्ष को सूचना दिये समिति का ताला तोड़कर क्लर्क पद पर तैनात अमरबली यादव को सचिव का चार्ज दिलाया गया। जिसको लेकर समिति की अध्यक्षा साधना सिंह व विभागीय अधिकारी आमने सामने हो गये। अध्यक्ष साधना सिंह का आरोप है कि धान की खरीद में भ्रष्टाचार हुआ था । जिसकी जांच होनी थी। किसानों के खातों में रुपया जाने के बजाय पूर्व सचिव एंव उक्त क्लर्क द्वारा किसानों को नगद भुगतान किया गया हैै। जबकि कुछ का भुगतान अभी भी बाकी है। वहीं गेहूं खरीद में भी घपला हुआ है। उन्होंने पंजाब नेशनल बैंक शाखा शाहगंज ,स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा शाहगंज, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया शाखा शाहगंज, जिला सहकारी बैंक शाहगंज के शाखा प्रबंधक को पत्र लिखकर जांच तक खाता संचालन पर रोक लगाने की मांग किया । वहीं मुख्यमंत्री, सहकारिता मंत्री, महाप्रबंधक समेत एआर, जिलाधिकारी को पत्र भेजकर मामले की जांच कर कार्रवाई करने एवं नए सचिव की तैनाती की मांग की। ज्ञात हो कि समिति के पूर्व सचिव वकील सिंह की 28 अप्रैल की रात समिति के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों मे मौत हो गई थी। जिसके बाद प्रशासन द्वारा समिति पर ताला लगवा कर सील कर दिया गया था।