जौनपुर। लोकसभा चुनाव के चलते अबकी गेहूं की खरीद मंथर गति से हुई है। अब तक महज 65 फीसदी ही खरीददारी हुई है। अब तक तक मात्र 38863.35 मीट्रिक टन ही खरीद हो पाई है जबकि लक्ष्य 59 हजार टन खरीद का था। चुनाव के बाद अब खरीद में तेजी आई है। मगर महज 19 दिन में विभाग 20 हजार टन से अधिक गेहूं की खरीद करनी है।
जिले में किसानों से गेहूं खरीदने का लक्ष्य 59 हजार एमटी है। इसको 15 जून तक पूरा किया जाना है। गेहूं की खरीद के लिए सात एजेंसियों के 139 क्रय केंद्र खोले गए हैं, जिसमें खाद्य विभाग के 30, पीसीएफ के 88, यूपी एग्रो के चार, यूपीएसएस के छह, यूपी पीसीयू के सात, कर्मचारी कल्याण निगम के तीन और एफसीआई के एक क्रय केंद्र हैं। इन सभी एजेंसियों को गेहूं खरीद का लक्ष्य भी दिया गया है। लेकिन चुनाव के कारण गेहूं की खरीद प्रभावित रही । खुटहन क्षेत्र के मुबारकपुर , टिकरी खुर्द , छतौरा, मरहट, खुटहन, डिहिया, पहाड़ी चक क्रय केंद्रों पर गेहूं भरा हुआ है, जिसका उठान नहीं हो रहा है। भंडारण की कमी के चलते खरीद ठप है। छतौरा क्रय केंद्र पर कई किसानों को पैसा नहीं मिला है। मुंगराबादशाहपुर मंडी परिषद स्थित क्रय केंद्र छह हजार क्विंटल की खरीद की जानी थी लेकिन 71 क्विंटल की खरीद की गई है। खाद्य एवं रसद विभाग वितरण प्रणाली महराजगंज क्रय केंद्र में 6700 क्विंटल की खरीद हुई है। मछलीशहर के विपणन गोदाम में 176 किसानों से 5947 कुंतल गेहूं खरीदा गया है। सुजानगंज क्रय केंद्र द्वारा छह हजार में से 149 किसानों से 4662 क्विंटल गेहूं खरीदा गया है। बदलापुर विपणन शाखा को छह हजार क्विंटल गेहूं खरीदना था। वहां 169 किसानों से पांच हजार क्विंटल गेहूं खरीदा गया है। खेतासराय क्षेत्र के तीन खरीद केंद्रों पर 4993 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई है । साधन सहकारी समिति जैगहां व साधन सहकारी समिति जमदहां में 1685 क्विंटल व साधन सहकारी समिति खुदौली 1850 क्विंटल खरीद हुई है । सचिव आरके सिंह ने बताया पिछले चार दिनों से कोई खरीद नहीं हुई है । काजीपुर में विपणन अधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि गेहूं खरीद का लक्ष्य दो हजार कुंतल था। अभी तक 47 किसानों से 1182 कुंतल गेहूं की खरीद हो गई है। नेवढ़िया के बासापुर साधन सहकारी समिति क्रय केंद्र पर 5500 क्विटल में से 4820 क्विंटल की खरीद हो चुकी है।
जौनपुर। जिले में खाद्य विभाग ने 13000 के सापेक्ष 11478.632 एमटी, पीसीएफ ने 33000 के सापेक्ष 20473.838एमटी, यूपी एग्रो ने 5000 के सापेक्ष 1169.80एमटी, यूपीएसएस ने 1000 के सापेक्ष 1264.381 एमटी, यूपी पीसीयू ने 4000 के सापेक्ष 3430.10एमटी, कर्मचारी कल्याण निगम ने 2000 के सापेक्ष 776.75एमटी और एफसीआई ने 1000 के सापेक्ष 269.85एमटी गेहूं की खरीद किया है।
चुनाव के कारण गेहूं की खरीद प्रभावित हुई है। पिछले वर्ष अभी तक जहां 38018.38 एमटी गेहूं की खरीद हुई थी। जबकि इस वर्ष अभी तक 38863.35 एमटी खरीद हुई है। निर्धारित तिथि के अंदर गेहूं के खरीद का लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा।
महेश कुमार श्रीवास्तव
जिला खाद्य विपणन अधिकारी