जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से जुड़े अधिकांश कालेजों में परीक्षा के मानक पूरे नहीं है। स्नातक की परीक्षाएं एक मार्च और स्नातकोत्तर की परीक्षाएं 25 मार्च से प्रस्तावित हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जिन कालेजों को परीक्षा केंद्र बनना है, वे हर हाल में तय मानकों को पूरा करें। कॉलेजों से सीसी टीवी कैमरे लगाने समेत सभी मानक पूरा कर उसकी रिपोर्ट मांगी गई है। विश्वविद्यालय की मंशा है कि परीक्षा सुचितापूर्ण और नकलविहीन कराई जाए। इसलिए परीक्षा केंद्र बनने के लिए हर हाल में मानकों को पूरा करने का निर्देश दिया गया है। विश्वविद्यालय के रुख को देखते हुए अधिकांश कालेजों में अफरातफरी मची है। वित्तपोषित कालेजों को छोड़ दिया जाए तो वित्तविहीन कालेजों में कमोवेश सभी की एक जैसी स्थिति है। मानक पूरा करने के नाम केवल खानापूर्ति की जाती है। विश्वविद्यालय से संबद्ध चार जिलों जौनपुर, आजमगढ़, गाजीपुर और मऊ के करीब 825 कालेजों के पांच लाख से अधिक विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा आवेदन के लिए 12 दिसंबर अंतिम तिथि तय की गई थी। मुख्य परीक्षाएं एक मार्च से प्रस्तावित है। इससे पहले परीक्षा केंद्रों की सूची तय की जानी है। ऐेसे कालेज जिनके मानक पूरे नहीं हैं, वे मशक्कत करने के साथ जुगाड़ भी लगा रहे हैं।