जौनपुर। सांसद केपी सिंह ने कहा है कि लोकतंत्र की पहली कड़ी ग्राम प्रधान होता है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं को आम जन तक पहुंचाने में ग्राम प्रधानों की अहम भूमिका होती है। सही मायने में गांवों में सफाई, स्वच्छता, स्कूलों का वातावरण, शिक्षा, सड़कें, टीकाकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में अहम भूमिका ग्राम प्रधान की ही है। गांवों को स्वच्छ और निर्मल रखते हुए विकास की कड़ी को मजबूत बनाते हैं।
सांसद रविवार को मान्यवर कांशीराम सामुदायिक भवन कलेक्ट्रेट परिसर में ग्राम प्रधान सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधानों के लिए वह सदैव तत्पर हैं। किसी तरह की कोई समस्या वह बताएं, उसका निराकरण कराया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी गौरव वर्मा ने कहा कि जनपद में स्वच्छ भारत मिशन के तहत तीन लाख पचास हजार शौचालय बनाए गए हैं। अभी एक लाख 32 हजार शौचालय और बनवाए जाने है। उन्होंने प्रधानों से आग्रह किया कि वे अपने ग्राम पंचायतों में ऐसे व्यक्ति का चयन कर लें जो पात्र हो और उसका शौचालय नहीं बन पाया हो। उन्होंने गांवों में निगरानी समिति का गठन कराने और गांव को स्वच्छ निर्मल बनाने पर जोर दिया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. रामजी पांडेय ने जननी सुरक्षा योजना, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम, नियमित टीकाकरण कार्यक्रम, परिवार नियोजन कार्यक्रम, राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के बारे बताया कि इस योजना के तहत 1350 बीमारियों का इलाज सम्भव हो सकेगा। जनपद में इसके लिए जिला चिकित्सालय सहित पीएचसी, सीएचसी एवं अन्य प्राइवेट चिकित्सालय को पैनल की श्रेणी में लिया गया है। इस योजना के तहत जनपद में एक लाख 37 हजार पात्र व्यक्तियों का चयन किया गया है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति को शत प्रतिशत रखने तथा विद्यालयों में शौचालय एवं चहारदीवारी बनाए जाने में प्रधानों की भूमिका अहम होती है। उन्होंने प्रधानों से अपेक्षा किया कि विद्यालय को स्वच्छ एवं दुरूस्त रखने में सहयोग करें। भाजपा नेत्री किरन श्रवास्तव ने आभार व्यक्त करते हुए सरकार द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं में सहयोग देने की अपेक्षा किया। अध्यक्षता भदेवरा के प्रधान सतेंद्र कुमार चतुर्वेदी ने किया।