मुंगराबादशाहपुर। क्षेत्र के मुगरडीह गांव स्थित निजी हास्पिटल में नार्मल प्रसव के बाद 13 हजार रुपये का बिल देने पर परिवार वालों ने हंगामा खड़ा कर दिया। वे भुगतान करने तो तैयार नहीं थे तो चिकित्सक के प्रसूता को डिस्चार्ज करने से रोक दिया।
मंधरपुर इटहरा निवासिनी अनीता पत्नी अवधेश को प्रसव हेतु शनिवार की रात प्राथमिक स्वास्थ केंद्र में भर्ती कराया गया। आरोप है कि संबंधित एएनएम ने कहा कि नार्मल प्रसव नहीं हो पाएगा। अनीता को आपरेशन के लिए जौनपुर ले जाना पड़ेगा। जौनपुर ले जाने के नाम पर उसे मुगरडीह गांव स्थित एक निजी हास्पिटल में भर्ती करा दिया गया । भोर में नार्मल प्रसव के बाद बच्ची का जन्म हुआ। शनिवार की शाम चार बजे जब परिजन जच्चा-बच्चा को ले जाने के लिए तैयार हुए तो अस्पताल ने 13 हजार रुपये का बिल थमा दिया। पैसा नहीं जमा करने पर अस्पताल स्टाफ मरीज को रोक लिया ।
इसके बाद गुस्साएं परिजनों ने हंगामा खड़ा कर दिया। हंगामा देख अस्पताल स्टाफ फरार हो गया। बसपा नेता आलोक गुप्ता ने घटना की जानकारी मुख्य चिकित्साधिकारी को दी। मुख्य चिकित्साधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ केंद्र के प्रभारी डा आरपी सिंह को जांच का आदेश दिया। उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया।