जौनपुर। जन स्वास्थ्य बहाली पर अंतिम निर्णय लेने को लेकर आल इंडिया कंयुनिटी हैल्थ वर्कर एसोसिएशन द्वारा शुक्रवार को टीबी अस्पाताल से संकल्प यात्रा निकाली गई। यह यात्रा अंबेडकर तिराहा होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। इस दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रदर्शन कर मांगों को पूरा करने की आवाज उठाई। साथ ही मुख्य मंत्री व परिवार कल्याण मंत्री संबोधित पत्रक जिलाधिकारी को सौपा।
जिलाध्यक्ष राम आसरे ने कहा कि पूर्व केंद्र की विलेज हेल्थ गाइड स्कीम के तहत प्रदेश के गांव -गांव में मानदेय कर्मी के रुप में काम कर चुके 87500 पूर्ववर्ती जन स्वास्थ्य रक्षकों और स्वैच्छिक स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के बहाली के मामले में हमारी संस्था वर्षो से संघर्ष कर रही है। इस मामले में हमारी संस्था की राज्य कमेटी ने ज्ञापन 18 अक्तूबर 2016 से प्रदेश सरकार में विचाराधीन हैं। इस वर्ष की मई माह में सरकार व शासन की ओर से इस संबंध में सैंद्घांतिक स्वीकृत के बाद परिवार कल्याण महानिदेशालय द्वारा ग्राउंड सर्वे कराया गया। जिसमें मानदेय कर्मी के रुप में काम करने वालों की कुल संख्या व आयु सीमा सीएमओ से मांगी गई। ढ़ाई माह के मशक्कत के बाद ग्राउंड सर्वे कार्य पूरा कर इसकी सूचना शासन को भेजी गई। लेकिन अभी तक स्वास्थ्य रक्षक बहाली का कार्य नहीं किया गया है। प्रदर्शन करने वालों में जयप्रकाश, रामनवल, रमेश बिंद, मोहम्मद रफीक, अरविंद यादव आदि उपस्थित रहे।