जौनपुर। जिले में गुरुवार को अलग-अलग जगहों पर हुईं सड़क दुर्घटनाओं पिता-पुत्र समेत सात लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चार लोगों की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मछलीशहर प्रतिनिधि के अनुसार मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सतहरिया गांव निवासी सुनील यादव (24) बाइक से जौनपुर जा रहे थे। मछलीशहर चुंगी चौराहा के पास सामने से आ रहे बाइक सवार तूफानी चौहान (19) पुत्र हीरालाल निवासी सिकरारा से उसकी बाइक टकरा गई। इस हादसे में दोनों बाइक सवार घायल हो गए। इसी तरह आनापुर गांव निवासी रामबचन विश्वकर्मा (65) गुरुवार को गांव के पास ही आटो रिक्शा की चपेट में आने से घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। सुनील यादव और रामबचन की हालत गंभीर देख चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सुइथाकला प्रतिनिधि के अनुसार सरपतहा थाना क्षेत्र के खेतापुर गांव निवासी रामजीत वर्मा (55) अपने पुत्र शैलेन्द्र (18) के साथ मोपेड से रुधौली बाजार जा रहे थे। गलगला शहीद के पास वे शाहगंज की तरफ से आ रही बस की चपेट में आ गए। हादसे में पिता-पुत्र दोनों घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। शाहगंज प्रतिनिधि के अनुसार शाहगंज कस्बे के फैजाबाद मार्ग स्थित चिरैया मोड़ के पास बुधवार की शाम दो बाइक में सीधी टक्कर हो गई, जिससे अमर सिंह यादव (24) पुत्र राजेंद्र निवासी खनुवाई गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक फरार हो गया। दूसरी घटना बुधवार की रात दादरपुल के समीप हुई। यहां बोलेरो की चपेट में आने से बाइक सवार अंशु (32) निवासी छताईकला गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।