जौनपुर। कलेक्ट्रेट के कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए अधिवक्ताओं ने बुधवार को कार्य बहिष्कार करते हुए जिलाधिकारी का घेराव किया। कलेक्ट्रेट अधिवक्ता समिति के अध्यक्ष जगत नारायण तिवारी की अगुवाई में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे अधिवक्ताओं ने शिकायतें की। अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी से कहा कि कलेक्ट्रेट के विभिन्न कार्यालयों में भ्रष्टाचार बढ़ गया है। कर्मचारियों पर कोई अंकुश नहीं रह गया है। माल खाना और अभिलेखागार में बड़े पैमाने पर धांधली हो रही है। इन कार्यालयों में नियम कानून की बात करने वाले अधिक्ताओँं की नहीं सुनी जाती। कर्मचारियों के सिस्टम से आने वालों का काम किया जाता है। ऐसे हालात दिनों दिन बद से बदतर हो रहे हैं। जिलाधिकारी ने अधिवक्तांओं की शिकायतों को गंभीरता से लिया। उन्होंने भरोसा दिया कि वह शीघ्र उनकी शिकायतों की जांच कराकर कार्रवाई करेंगे। जिलाधिकारी का घेराव करने वाले अधिवक्ताओं में विजय प्रताप ंसिंह, नजर हसन, राम आसरे दुबे समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता शामिल थे।