जौनपुर। एक ही परिसर में संचालित प्राथमिक विद्यालयों को जूनियर विद्यालय में समायोजित करने और जांच के नाम पर उत्पीडन के विरोध में प्राथमिक शिक्षक संघ ने बुधवार को बीएसए कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। आंदोलित शिक्षकों ने प्रदेश सरकार की नीतियों को शिक्षक विरोधी बताते हुए सरकार के खिलाफ नारे लगाए। आंदोलित शिक्षकों ने कहा कि प्राथमिक विद्यालयों को जूनियर में समायोजित करने के पीछे सरकार की गहरी साजिश है। शिक्षकों ने मुख्यमंत्री को संबोधित पत्रक सिटी मजिस्ट्रेट सुरेंद्र नाथ मिश्र को सौंपा। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले जुटे शिक्षकों को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अरविंद शुक्ल ने कहा कि प्रदेश कि प्रदेश सरकार शिक्षक विरोधी कार्य कर रही है। प्राथमिक विद्यालयों को जूनियर में समायोजित करके प्रधानाध्यापक का पद समाप्त करने की साजिश की जा रही है। शिक्षकों की तमाम पत्रावलियां बीएसए दफ्तर में लंबित पड़ी हैं। उसके निराकरण के लिए पटल प्रभारी सौदेबाजी करते हैं। स्कूलों में जांच और निरीक्षण के नाम बर ब्लाकों के खंड शिक्षाधिकारी शिक्षकों का उत्पीडन करते हैं। इसके विरोध में शिक्षक संघ आरपार की लड़ाई लड़ेगा। वरिष्ठ उपाध्यक्ष लालसाहब यादव ने कहा कि शिक्षकों का उत्पीडन बंद नहीं हुआ तो आंदोलन को तेज किया जाएगा। संयुक्त मंत्री वीरेन्द्रप्रताप सिंह, रविचन्द्र यादव, प्रशान्त मिश्र ने कहा कि शिक्षकों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए आरपार की लड़ाई लड़ी जायेगी। अब कदम पीछे नहीं हटेंगे। सरकार को अपने फैसले पर फिर से विचार करना पड़ेगा। इस मौके पर शिवेंद्र सिंह रानू, डा. अतुल प्रकाश यादव, मो. असलम, लक्ष्मीकांत सिंह, पदमाकर राय, सुनील यादव, डा.चन्द्रजीत मौर्य, देवेंद्र सिंह, अजय मौर्य, ऊषा सिंह, डा. शिवानी मौर्य, विजय लक्ष्मी यादव, दीपमाला, प्रमोद दूबे समेत अन्य शिक्षक मौजूद रहे।