शाहगंज। कानपुर से पति के साथ घर लौट रही गर्भवती महिला ने मंगलवार को शाहगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर बच्ची को जन्म दिया। मामले की सूचना मिलते ही आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप यादव मौके पर पहुंच गए। उन्होंने प्रसूता को राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। डाक्टर के मुताबिक जच्चा बच्चा दोनों स्वस्थ्य हैं।
बलिया जनपद के विदुआ थाना क्षेत्र के यारपुर गांव निवासी शिवशंकर कानपुर में रह कर मजदूरी का काम करता है। उसकी पत्नी अंजली (24)श् उसके साथ रहती है। अंजली के गर्भवती थी और उसका प्रसव का समय करीब आने पर वह पत्नी को लेकर घर जा रहा था। दून एक्सप्रेस से वह शाहगंज रेलवे स्टेशन पहुंचा। शाहगंज से बलिया जाने के लिए स्थानीय रेलवे स्टेशन पर उत्सर्ग ट्रेन के इंतजार में दोनों पति पत्नी प्लेट फार्म संख्या एक पर बैठे थे। मंगलवार को तड़के अचानक अंजली को प्रसव पीड़ा शुरु हो गई। प्लेटफार्म पर मौजूद महिला सहयात्रियों ने मदद करते हुए प्रसव कराया। जहां अंजलि ने एक बेटी को जन्म दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप कुमार यादव मातहतों के साथ पहुंचकर जच्चा बच्चा दोनों को राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया।