सुईथाकला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान के बाद उसकी आंच सुल्तानपुर जिले के बार्डर पर स्थित प्रसिद्ध बिजेथुआ महावीर मंदिर तक आ पहुंची है। जौनपुर के सूरापुर और सुल्तानपुर के प्रमुख बाजारों में पोस्टर लगाकर दलितों को 11 दिसंबर को बिजेथुआ धाम पहुंच कर मंदिर पर कब्जा करने की अपील की गई है। इससे जहां पुलिस और प्रशासन हैरान है, वहीं सवर्ण समाज में रोष फैल गया है। जगह-जगह चस्पा किए गए पोस्टर के माध्यम से बिजेथुआ दलित धाम बनाने, हनुमान मंदिर में ब्राह्मणों के प्रवेश पर रोक लगाने और मंदिर पर कब्जा करने का एलान किया गया है। पोस्टर में महात्मा बुद्ध, डॉ. भीमराव आंबेडकर और काशीराम के साथ प्रेमचंद उर्फ प्रेम की तस्वीर छपी है। प्रेमचंद ने खुद को सुल्तानपुर जिले के विधानसभा जयसिंहपुर का पूर्व प्रत्याशी बताया है। इसकी जानकारी होने पर जिला प्रशासन और पुलिस के कान खड़े हो गए हैं। वहीं, बहुसंख्यक समाज में रोष देखा जा रहा है। इस मामले में क्षेत्राधिकारी कादीपुर डीपी शुक्ला का कहना है कि पोस्टर लगाकर मंदिर पर कब्जा करने के ऐलान का मामला संज्ञान में आया हैं। मंदिर के आसपास फोर्स लगा दी गई है। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।