करंजाकला। वाराणसी-फैजाबाद रेल मार्ग पर मिहरावां रेलवे स्टेशन पर रविवार की रात करीब 12 बजे ड्यूटी पूरी होने पर चालक और गार्ड मालगाड़ी खड़ी कर चले गए। करीब 16 घंटे बाद सोमवार की शाम 4:30 बजे दूसरे चालक दल के आने पर मालगाड़ी आगे के लिए रवाना हो सकी। सहायक स्टेशन मास्टर पंकज यादव ने बताया कि सीमेंट की रैक लेकर कुसमी-गोरखपुर जा रही मालगाड़ी रात में 12 बजे मिहरावा रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी। चालक और गार्ड की ड्यूटी पूरी होने पर उन्होंने मालगाड़ी को लूपलाइन पर खड़ी कर इंजन बंद कर दिया और दोनों चले गए। इसकी सूचना अधिकारियों को दी गई। सोमवार की शाम को दूसरा चालक दल पहुंचा तो 4.30 बजे मालगाड़ी यहां से रवाना की गई।