जौनपुर। श्री श्याम महोत्सव रविवार को नगर के सुक्खीपुर शकरमंडी स्थित विष्णु मोटल में धूमधाम से मनाया गया। सुबह श्री श्याम खाटू वाले समेत हनुमान जी, गणेश जी, शंकर भगवान व मां दुर्गा का भव्य शृंगार कोलकाता से आए कलाकारों ने किया। पंडाल में की गई सजावट वृंदावन जैसी छटा विखेर रही थी। श्री श्याम खाटू जी महाराज को 56 भोग का महाप्रसाद लगाया गया। दोपहर बाद भजन का कार्यक्रम शुरू हुआ। जो देर शाम तक चलता रहा। बाहर से आए कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत कर सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। आमंत्रित कलाकारों में कोलकाता से आए रूपम-शुभम व राज पारिक व धनबाद से आए पिन्टू शर्मा ने भजन प्रस्तुत किए। पंडाल में बैठे लोग भजन सुनकर भाव विभोर हो उठे। कई भजनों पर लोग उठकर नाचने लगते थे। लोगों ने देर रात तक कार्यक्रम का लुफ्त उठाया। महोत्सव से पूर्व शनिवार को श्री श्याम ध्वजा शोभायात्रा निकाली गई थी। महोत्सव में आयोजन समिति के अध्यक्ष संजय केडिया, मंत्री कमल अग्रवाल, संयोजक जीत प्रकाश हरलालका, कोषाध्यक्ष निमित अग्रवाल, प्रचार मंत्री विजय केडिया, रमापति केडिया, श्याम मोहन अग्रवाल, मनोज हरलालका, सुधीर केडिया, तन्मय केडिया, निखिलेश सिंह, उमापति केडिया, अभिषेक अग्रवाल, मनोज हरलालका, अशोक साहू, श्रवण जायसवाल सहित भारी संख्या में लोग रहे।