खेतासराय। खेतासराय में आयोजित जलसा ईद-मिलादुन्नबी शनिवार की रात में पूरी शानोशौकत के साथ सम्पन्न हुई। 24 से अधिक कमेटियों के सहयोग से कस्बे को आकर्षक तरीके से सजाया गया था। जलसागाह पर जलसा दस्तारबंदी आयोजित किया गया। जलसा का आगाज कारी जलालुद्दीन ने तेलावते कुरान पाक से किया। जलसे में शकील रहबर चैनपुरी, नोमान रजा फैजाबादी, हेलाल टांडवी, मौलाना हामिद रजा ने नातिया कलाम पेश किया। मौलाना जिकरूल्ला बरेली शरीफ व मुफ़्ती शेर मोहम्मद खान ने तकरीर करते हुए नबी करीम मोहम्मद साहिब की फज़ीलत व सीरत बयान किया। पैगम्बर साहिब के रास्ते पर चलते हुए नमाज पढने जकात देने और बुराइयों से बचने की नसीहत दी । जलसे का संचालन किस्मतुल्लाह सिकंदरपुरी ने किया। सदारत मौलाना हस्साम जौनपुरी ने किया। जलसा दस्तारबंदी में मदरसा अहले सुन्नत एजाजुल उलूम के पूरा कुरान कंठस्थ कर चुके तालिब इल्म हाफिज मोहम्मद आरिफ खेतासराय और मोहम्मद सुब्हानी शाह जहापुर की उस्तादों द्वारा पगड़ी बांध कर दस्तार बन्दी की गई। इस अवसर पर कारी इमरान, कारी मेराज, हाफिज शफीक क़ादरी, हाफिज अंसार, मौलाना शकील चिश्ती आदि मौजूद रहे। आयोजक सैय्यद ताहिर ने सभी सजावट कमेटियों और आगंतुकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।