जौनपुर। यातायात सुरक्षा के लिए रविवार को सैकड़ों की संख्या में धावकों ने खूब पसीना बहाया। प्रसाद ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंश की ओर से आयोजित मिनी मैराथन प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न हिस्सों से आए छात्र, छात्राएं और अन्य धावकों ने भी बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। पुरुष वर्ग में रामकरन यादव महाविद्यालय के छात्र खुटहन निवासी सचिन कुमार और महिला वर्ग में इंटर कालेज मेहंदी की छात्रा सिकरारा निवासी सविता इस मिनी मैराथन प्रतियोगिता की विजेता बनीं। इनके अलावा बदलापुर निवासी राजा हरपाल सिंह इंटर कॉलेज के अनिल सिंह और यहीं की नीतू सरोज क्रमश: पुरुष और महिला वर्ग में दूसरे स्थान पर रहे। विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण संजय राय और प्रसाद गु्रप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन बीपी यादव ने मेडल और नकद राशि देकर सम्मानित किया। पहला स्थान हासिल कहने वाले सचिन व सविता को 51-51 सौ रुपये तथा दूसरा स्थान पाने वाले धावकों को 31-31 सौ रुपये व प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। मिनी मैराथन प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए प्रतिभागी सुबह 6 बजे से ही पहुंचने लगे थे। सभी प्रतिभागियों को यहां बैज लगाया गया फिर 7:30 बजे सीओ सिटी नृपेंद व संस्था के चेयरमैन बीपी यादव ने हरी झंडी दिखाकर धावकों को रवाना किया। चार किलोमीटर की दूरी सचिन ने 21 मिनट में और महिला वर्ग में सविता ने 25 मिनट में पूरी कर प्रतियोगिता की विजेता बन गई। धावक पचहटिया, सिपाह होते हुए जेसीज चौराहा होकर बीआरपी इंटर कॉलेज के कैंपस में पहुंचे। यहां विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किया गया। यहां बीपी यादव ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करके हम अपने साथ-साथ दूसरों को भी सुरक्षित कर सकते हैं। लोगों में यातायात के प्रति जागरुकता के लिए ही इस मैराथन का आयोजन किया गया है। मुख्य अतिथि एसपीआरए ने इस कार्यक्रम के लिए आयोजक की सराहना की। सीओ सिटी नृपेंद्र ने कहा कि यातायात नियमों का सभी लोग पालन करें तो दुर्घटना पर रोक लगाई जा सकती है। बीआरपी इंटर कॉलेज के प्रबंधक आनंद शंकर श्रीवास्तव, प्रधानाचार्य डा. सुभाष सिंह ने भी संबोधित किया।