मीरगंज। आरपीएफ जंघई रेलवे स्टेशन ने शुक्रवार को काशी एक्सप्रेस ट्रेन में बिछड़ी पांच साल की बालिका को उसके परिजनों को सौंपा। स्टेशन मास्टर की सूचना पर आरपीएफ जंघई ने उक्त बालिका को खोजकर परिजनों को सौंपा।
मुगराबाद शाहपुर थाना क्षेत्र के चितापुर गांव निवासी लालचंद अपनी पत्नी व पांच साल की पुत्री मोना के साथ सुरियावा स्टेशन से जंघई के लिए 5018 काशी एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होने के लिए चढ़ना चाहा। बालिका मोना पहले तो ट्रेन मे चढ़ गई। तभी ट्रेन चल दी। जिससे उसके माता व पिता ट्रेन में नहीं चढ़ पाए। इसके बाद उसके पिता ने इसकी जानकारी तत्काल स्टेशन मास्टर सुरियांवा को दी। जिस पर स्टेशन मास्टर सुरियांवा ने इसकी जानकारी आरपीएफ जंघई को दिया। जिसमें बताया की ट्रेन के आगे जनरल बोगी में एक पांच साल की बच्ची अपने परिजन से बिछड़ गई है। जिसके बाद ट्रेन जंघई स्टेशन पर 2.26 बजे पहुंची तो आरपीएफ प्रभारी जंघई जयराम मीना ने कांस्टेबल सविंद्र सिंह व कांस्टेबल जितेंद्र कुमार के साथ पहुंच कर जनरल बोगी में जाकर बच्ची को अपने पास ले लिया। साथ ही इसकी सूचना बालिका के परिजनों को दी। दूसरी ट्रेन से माता व पिता जंघई स्टेशन पर पहुंचकर अपनी बालिका को साथ ले गए।