जौनपुर। सरपतहा थाना क्षेत्र के एकडला गांव में धान के अवैध भंडारण के मामले में तीन आढ़तियों का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया और तीनों से शमन शुल्क और जुर्माना समेत 5.30 लाख की वसूली की जाएगी। दो दिन के भीतर जुर्माना और शमन शुल्क जमा न करने पर तीनंों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
एसडीएम शाहगंज राजेश वर्मा ने 26 नवंबर की शाम को एकडला गांव में छापेमारी कर तीन आढ़तियों के पास से 6310 बोरी धान जब्त किया था। इन व्यापारियों के पास रामनगर में धान भंडारण का लाइसेंस है लेकिन उन्हंोंने एकडला गांव में घर के पास गोदाम में बड़े पैमाने पर धान का भंडारण किया था। इस मामले में स्थानीय प्रशासन ने पहले लीपापोती करनी चाही लेकिन जिलाधिकारी की सख्ती के बाद आढ़तियों पर कार्रवाई शुरू की गई। शाहगंज मंडी सचिव गुलाब सिंह ने बताया कि आढ़ती एकडला गांव निवासी वीरेंद्र गुप्ता, उपेंद्र गुप्ता और राजेंद्र गुप्ता का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया। तीनों से शमन शुल्क और जुर्माना के रूप में 5.30 लाख वसूली के निर्देश दिए गए हैं। दो दिन के भीतक शुल्क जमा न करने पर तीनों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। उधर इस मामले में मंडी समिति के भूमिका की भी जांच शुरू हो गई है। डीएम के निर्देश पर तहसीलदार जांच कर रहे हैं। इस सीजन में स्थानीय मंडी समिति की ओर से वसूल किए गए शमन शुल्क और जारी किए गए गेटपास की जांच की जाएगी।