जौनपुर। बाल विकास परियोजना में क्षेत्र भ्रमण के लिए एजेंसी से लिए गए वाहनों के भुगतान के नाम पर धांधली का मामला सामने आया है। सुजानगंज थाना क्षेत्र के विकयपुर गांव निवासी राजेश कुमार चौबे ने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत कर जांच कराने की मांग की है। जनसुनावई पोर्टल पर राजेश कुमार चौबे की ओर से की गई शिकायत में कहा गया है कि बाल विकास कार्यालय जौनपुर की ओर से वाहन आपूर्ति की निविदा किशन टूर एंड ट्रवेल्स इलाहाबाद को दिया गया है। इलाहाबाद की यह एजेंसी जौनपुर की एक एजेंसी के माध्यम से विभाग को वाहनों की आपूर्ति करवाती है। शिकायतकर्ता का दावा है कि किशन टूर एंड ट्रवेल एजेंसी इलाहाबाद की ओर से जौनपुर की जिस एजेंसी से बाल विकास विभाग को वाहन उपलब्ध कराया जाता है उस एजेंसी को इलाहाबाद की एजेंसी के खाते से एक साल के भीतर 4.93 लाख का भुगतान बैंक खाते के माध्यम से किया गया है। शिकायतकर्ता राजेश का यह भी दावा है कि महीने में अधिकतम 1440 किलोमीटर तक का भ्रमण किया जा सकता है लेकिन यहां 16 अगस्त 2017 से 31 अगस्त 2017 तक यानी 16 दिन में ही इतनी दूरी का भ्रमण करने का लागबुक तैयार कर लिया गया है। लागबुक की जांच की जाए तो धांधली का खुलासा हो सकता है। उन्होंने पूरे मामले की मजिस्ट्रेटियल जांच कराने की मांग की है।