जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध कालेजों में एनएसएस के एक दिनऔर सात दिवसीय शिविरों का निरीक्षण विश्वविद्यालय प्रशासन अपने स्तर से कराएगा। शिविर में फर्जीवाड़ा मिलने पर इकाइयों का अनुदान रोक दिया जाएगा। अभी केवल एक दर्जन कालेजों में शिविर संचालित किए जा रहे हैं। अन्य कालेजों में शिविरों का आयोजन 25 दिसंबर से शुरू होगा।
विश्वविद्यालय से संबद्ध आठ सौ से अधिक कालेजों में एनएसएस की 61ॅ0 इकाइयों का संचालन होता है। चालू सत्र में 540 इकाइयों के संचालन के लिए शासन से अनुमति मिल गई है। शेष 70 इकाइयों के लिए शासन से अनुमति मिलनी है। एनएसएस इकाई के आवंटन के लिए शासन को पत्र भेजा गया है। कालेजों को निर्देश दिया गया है कि मानक के अनुरूप शिविर का आयोजन कराएं। शिविर में उपस्थित होने वाले छात्रों का लेखा जोखा तैयार किया जाए। शिविर में शामिल होने छात्रों की संख्या के हिसाब से शिविर पर आने वाले खर्च का भुगतान किया जाएगा। अन्यथा अनुदान रोक दिया जाएगा। विश्वविद्यालय के एनएसएस समन्वयक डा. राकेश यादव ने बताया कि कालेजों में लगने वाले शिविर की निगरानी के लिए हर जिलें में नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाते हैं। नोडल अधिकारियों के एप्रूबल के लिए शासन को पत्र भेज दिया गया है। शिविरों की जांच कराई जाएगी। मानक पूरा नहीं करने वाले कालेजों का अनुदान रोक दिया जाएगा।