जौनपुर। देव दीपावली का पर्व शुक्रवार को धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर जगह-जगह सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। रंगोली प्रतियोगिता हुई। मां शीतला धाम चौकिया स्थित सरोवर को 21 हजार दीपों से सजाया गया। गोपाघाट को 11001 दीपों और प्रतिमा विसर्जन घाट को 5100 दीपों से भव्य तरीके से सजाया गया। रात में आतिशबाजी का आयोजन किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम भजन संध्या का आयोजन हुआ। देर रात तक गोमती नदी के घाट जगमगाते रहे।
मां शीतला चौकिया धाम: देव दीपावली के मौके पर मां शीलता चौकिया धाम स्थित सरोवर को 21 हजार दीपों से सजाया गया। मां शीतला के मंदिर को भव्य एवं आकर्षक फूलों से सजाया गया। शीलता धाम चौकिया समिति के अध्यक्ष सुड्डू त्रिपाठी, आयोजक राजेश साहू, अनिल सोनकर, नाटोमाली, आशीष माली की देखरेख में देव दीपावली धूमधाम से मनाई गई। शाम के समय सांस्कृतिक कार्यक्रम और महाआरती के बाद प्रसाद का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
गोपीघाट: देव दीपावली के मौके पर आदि गंगा गोमती के गोपीघाट को 11001 दीपों से सजाया गया। शाम को आतिशबाजी हुई। सांस्कृतिक कार्यक्रम के बीच आकर्षक झांकियां निकाली गई। रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन हुआ जिसके अव्वल प्रतिभागियों सहित सहयोगियों को सम्मानित किया गया। आयोजन श्री संकट मोचन संगठन (ट्रस्ट) के बैनर तले किया गया। जौनपुर की अति प्राचीन आदर्श अखाड़ा द्वारा प्राचीन सशस्त्र द्वारा आजिशबाजी की अद्भुत प्रस्तुति हुई। संचालन रीतेश जायसवाल ने किया। अध्यक्ष आदित्य चौधरी ने आभार व्यक्त किया।
विसर्जन घाट: देव दीपावली पर प्रतिमा विजर्सन घाट को 5100 दीपों से सजाया गया। नवदुर्गा शिव मंदिर प्रतिमा विसर्जन घाट देव दीपावली महोत्सव के मुख्य अतिथि समाज सेवी ज्ञान प्रकाश सिंह रहे। देव दीपावली समिति के अध्यक्ष अतुल प्रताप सिंह ने बताया कि कार्यक्रम शुभारंभ नवदुर्गा शिव मंदिर में मॉ दुर्गा के नव रूपों का पूजन के साथ हुआ। पूजन आचार्य पं. रजनीकांत द्विवेदी ने कराया। मंदिर को विद्युत झालरों एवं खूबसूरत फूलों से मंदिर प्रांगण को सजाया गया। रंगोली प्रतियोगिता के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भजन गायकों द्वारा भजन संध्या एवं कृष्ण मुरारी के नेतृत्व में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। रंगोली के प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
जौनपुर। गोमती नदी के गोपी घाट पर कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर रंगोली प्रतियोगिता आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में अनुज सोनकर को पहला स्थान मिला। शिवांगी कश्यप को दूसरा और सबिता सोनी को तीसराव रिंकी को चौथा स्थान मिला। श्रीसंकट मोचन ट्रस्ट के अध्यक्ष आदित्य चौधरी और मंत्री सूरज निषाद की निगरानी में प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता के आयोजक कमलेश निषाद रहे। शाम को महाआरती के बाद विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। संचालन रितेश जायसवाल ने किया।
जौनपुर। स्वच्छ गोमती अभियान के अध्यक्ष गौतम गुप्ता के नेतृत्व में मां आदि गंगा गोमती की भव्य आरती की गई। शाम के समय हवन पूजन के बाद पदाधिकारियों ने आरती की और प्रसाद का वितरण किया। गोमती आरती में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।