जौनपुर। अब नारी सशक्तिकरण अभियान चलाया जाएगा। महिलाओं को सशक्त बनाने और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके लिए जिले में तैयारी भी पूरी कर ली गई है। अभियान 20 नवंबर से शुरीू होगा।
महिलाओं को जागरूक करने के लिए जिला स्तरीय और ब्लाक स्तर पर टीमें गठित कर दी गई हैं। टीम गांव-गांव जाकर महिलाओं के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी देंगी। उनका फोकस शिक्षा, स्वरोजगार, स्वास्थ्य एवं पोषण और सुरक्षा पर होगा। अभियान को 20 नवंबर से लेकर 20 दिसंबर तक चलेगा। 20 नवंबर को ब्लाक स्तरीय टीमों का प्रशिक्षण, 21 को ब्लाक समितियों व ब्लाक के महिला कर्मचारियों को प्रशिक्षण और 27 नवंबर से लेकर आठ दिसंबर तक गांव में जाकर जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।
जिला टीम में 11 व ब्लाक टीम में 15 लोग शामिल
जौनपुर। नारी सशक्तिकरण अभियान को परवान चढ़ाने के लिए जिला स्तरीय टीम में 11 व ब्लाक स्तरीय टीम में 15 लोगों को शामिल किया गया है। जिला स्तरीय टीम में पुलिस अधीक्षक, सीएमओ, बीएसए, जिला उद्योग महाप्रबंधक, डीपीओ, डीआईओएस, डीपीआरओ, जिला सूचना अधिकारी, उप निदेशक कृषि सहित सभी बीडीओ को शामिल किया गया है। जबकि ब्लाक स्तरीय टीम में बीडीओ को अध्यक्ष व बाल विकास परियोजना अधिकारी को सदस्य सचिव बनाया गया है। वहीं खंड शिक्षा अधिकरी, सीएचसी व पीएचसी प्रभारी, इंटर कालेज के प्रधानाध्यापक, एसओ, सहायक विकास अधिकारी, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, महिला आरक्षी, महिला शिक्षिका, स्वयं सहायता समूहों व स्वैच्छिक संस्थानों में कार्यरत महिला , महिला सामाख्या को सदस्य बनाया गया है।
महिलाओं को शिक्षा, स्वरोजगार, स्वास्थ्य व सुरक्षा के बारे में जानकारी देने के लिए जिले में 20 नवंबर से लेकर एक माह तक नारी सशक्तिकरण अभियान चलेगा। इसके लिए जिला व ब्लाक स्तरीय टीम गठित कर दी गई है। साथ ही टीमों को प्रशिक्षण देने की भी तैयारी पूरी कर ली गई है।
संतोष कुमार सोनी
जिला प्रोबेशन अधिकारी