जौनपुर। महराजगंज ब्लाक में तैनात सफाई कर्मी शिव कुमार यादव को शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने निलंबित कर दिया। उसके उपर जलालपुर ब्लाक में तैनाती के समय अपने संबंधित गांव में नहीं जाने का आरोप था। जिसकी जांच कर एडीओ पंचायत उदयशंकर सिंह ने अपनी जांच रिपोर्ट बीडीओ देवेंद्र सिंह को सौपा था। जिस पर बीडीओ द्वारा छह अक्तूबर को उक्त रिपोर्ट पर सफाई कर्मी को निलंबित करने के लिए मुख्य विकास अधिकारी को पत्र भेजा था। जिसको सीडीओ ने गंभीरता से लेते हुए उसे निलंबित करने का आदेश डीपीआरओ को दिया। सीडीओ के निर्देश पर डीपीआरओ सभाजीत पांडेय ने सफाई कर्मी शिव कुमार यादव को निलंबित कर दिया। डीपीआरओ सभाजीत पांडेय ने कहा कि जांच में शिव कुमार यादव अपने तैनाती वाले गांव में नहीं जाना पाया गया। जिस पर उसे सीडीओ के निर्देश पर निलंबित कर दिया गया। वह अभी हाल ही में महराजगंज तैनात किया गया था।