सुजानगंज। क्षेत्र के बालवरगंज में लगने वाले विजय दशमी के मेले का समापन मंगलवार को भरत मिलाप के साथ हुआ। भरत मिलाप में आकर्षक झांकियां निकाली गई। चारों भाइयों का मिलन होते ही पूरा मेला परिसर राम के जयकारे से गूंज उठा। भाइयों को गले लगते देख दर्शकों की आंखें छलक पड़ी। देर रात्रि झांकियों का प्रदर्शन भी किया गया। जिसमें जय मां विंध्यवासिनी चौकी समिति द्वारा प्रस्तुत कारगिल युद्ध, सरस्वती संघ स्टार चौकी समिति द्वारा प्रस्तुत शिव तांडव, रामदल चौकी समिति द्वारा प्रस्तुत कृष्ण सुदामा मिलन और बालवरगंज नाइट राइडर्स चौकी समिति द्वारा प्रस्तुत काली तांडव के प्रदर्शन को दर्शकों ने खूब सराहा। वंदे मातरम के गीतों पर सभी दर्शकों में जोश भर आया। भारत माता की रक्षा एवं सुरक्षा के संकल्प को लेकर कलाकारों ने एक झांकी प्रस्तुत की जिसे देख लोग भावुक हो गए। पूरी बाजार को दुल्हन की तरह सजाया गया था। मेले के आयोजक शिव कुमार मोदनवाल ने आगंतुकों के साथ साथ समस्त सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत मे सभी चौकियों को सम्मानित भी किया गया। अरुण सिंह मन्नू, गुडस्डू प्रधान, अंकित सिंह, नीरज गुप्ता आदि उपस्थित रहे।