जौनपुर। पूर्व माध्यमिक विद्यालय मेहदीगंज के मैदान पर शुक्रवार को जिला कबड्डी चैंपियनशिप का उद्घाटन पूर्व मंत्री एवं मल्हनी के विधायक पारसनाथ यादव ने फीता काटकर किया। मुख्य अतिथि ने आयोजक शिक्षक नेता रविचंद्र यादव के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि गांव के पारंपरिक खेल लुप्त होते जा रहे हैं। इस समय नौजवान क्रिकेट में ज्यादा रुचि ले रहा है । जबकि कबड्डी खेल से रोजगार के अवसर तो है ही इससे आप स्वस्थ भी रहेंगे। इसके और आयोजन होने चाहिए और इस खेल को प्रोत्साहित करने की भी आवश्यकता है। उद्घाटन मैच महिला वर्ग में रजमलपुर तथा पचवल की टीम के बीच हुआ। बालक वर्ग रामनगर की टीम और एकलव्य क्लब के बीच हुआ। जिसमें रामनगर और रजमलपुर की टीम विजयी रही। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि रुकसाना, समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह, कार्यक्रम की अध्यक्षता मडिय़ाहूं प्रमुख लालप्रताप यादव ने किया। इस मौके पर आयोजक रविचन्द्र यादव ने सभी का स्वागत और आभार प्रकट किया।