जौनपुर। जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा अमरनाथ द्विवेदी बालिका इंटर कालेज त्रिवेणी नगर विझवट के प्रधानाचार्य अमित कुमार दुबे के साथ दुर्व्यवहार किए जाने से वित्तविहीन शिक्षकों में आक्रोश है। माध्यमिक वित्त विहीन शिक्षक महासभा के प्रांतीय प्रधान महासचिव अखिलेश सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को दर्जनों वित्त विहीन शिक्षकों ने डीएम से मिलकर उनको ज्ञापन सौंपा। मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, राज्यपाल व माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर डीआईओएस के स्थानांतरण करने की मांग की। शिक्षकों ने चेताया कि अगर बोर्ड परीक्षा के पहले डीआईओएस का गैर जनपद स्थानांतरण नहीं हुआ तो हम आंदोलन करने को बाध्य होंगे। मंगलवार को दिन में दो बजे शिक्षक कलेक्ट्रेट परिसर में पहुंचकर जिलाधिकारी को अपनी समस्या से अवगत कराया और ज्ञापन सौंपकर डीआईओएस के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की। शिक्षकों का आरोप है कि सोमवार को नगर के शिया इंटर कालेज में आयोजित प्रधानाचार्यों की बैठक में डीआईओएस ने प्रधानाचार्यों को अपनी समस्या रखने की बात कही। इंटर कालेज विझवट के प्रधानाचार्य अमित दुबे जैसे ही समस्या रखने के लिए खड़े हुए डीआईओएस ने तुम बैठो कहते हुए उन्हें बैठा दिया। अमित दुबे ने मुख्यमंत्री को दिए गए पत्र में उक्त अधिकारी पर आरोप लगाते हुए कहा कि बैठक समाप्ति के बाद मंच से नीचे उतरने के बाद प्रधानाचार्यों के सामने ही जिला विद्यालय निरीक्षक ने उनको धमकी दी कि तुम्हारा परीक्षा केंद्र डिबार कर दिया जाएगा। उधर, डीआईओएस डा. बृजेश मिश्र का कहना है कि सभी विद्यालयों से कमरों का डिटेल मांगा गया था। प्रधानाचार्य ने अपनी रिपोर्ट में 19 कमरों को दिखाया था जबकि जांच में 15 कमरे पाए गए। मैंने रिपोर्ट पर सवाल उठाया था जो प्रधानाचार्य को नागवार लगा। दुर्व्यवहार जैसी कोई बात नहीं है। ज्ञापन देने वालों में कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष छोटेलाल यादव, जिलाध्यक्ष प्रकाश चंद पाल, जिलाध्यक्ष नन्हकऊ गुप्ता, जय प्रकाश यादव, श्यामधर मिश्र, विकास सिंह, शशि प्रकाश मिश्र आदि शामिल रहे।