जौनपुर। धनतेरस के दिन मां लक्ष्मी, मां सरस्वती एवं भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित किए जाने के लिए पंडाल बना दिया गया है। इन प्रतिमाओं को विधि विधान से स्थापित करने के बाद पूजा अर्चन किया जाएगा। इसके बाद नौ नवंबर को उसे नखास मोहल्ला स्थित शक्ति कुंड में विसर्जित किया जाएगा।
महासमिति के अध्यक्ष चन्द्रशेखर निषाद बबलू ने बताया कि ज्योति पर्व दीपावली की शुरूआत पांच नवंबर यानी धनतेरस से हो जाएगी। इस दिन जहां घर-गृहस्थी के सामानों की खरीददारी होगी। वहीं श्री लक्ष्मी पूजा महासमिति के नेतृत्व में शहर से लेकर ग्रामीणांचलों तक पूजा पंडालों में मां लक्ष्मी, मां सरस्वती एवं गणेश की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इस दौरान नगर के नखास, ओलंदगंज, जोगियापुर, ताड़तला, तूतीपुर, पान दरीबा, पुरानी बाजार, सिपाह, चाचकपुर, विशेषरपुर, पचहटियां, जगदीशपुर, लाइन बाजार, रूहट्टा, नईगंज सहित अन्य जगहों पर पूजा पंडाल बना दिए गए हैं। जिसमें धनतेरस के दिन मां लक्ष्मी, मां सरस्वती एवं गणेश की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने बताया कि महासमिति के नेतृत्व में सैकड़ों पूजन समितियों का संचालन होता है। धनतेरस को पण्डाल में प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। जिनका विसर्जन नगर के नखास मोहल्ला स्थित शक्ति कुण्ड में नौ नवंबर को किया जाएगा।