जौनपुर। जिले में 15 नवंबर से गन्ना खरीद शुुरु होगी। गन्ना खरीदने के लिए जिले में कुल 16 गन्ना क्रय केंद्र खुलने हैं। लेकिन अभी तक गन्ना क्रय केंद्र खोलने का कार्य नहीं किया जा रहा है। विभाग क्रय केंद्र खोलने के लिए गन्ना व चीनी आयुक्त के आदेश का इंतजार कर रहा है। जिले में कुल पांच लाख 83 हजार कंतल गन्ना खरीदने का लक्ष्य निर्धारित है।
जिले में गन्ने की खेती लगभग 10 हजार किसानों द्वारा की जाती है। इन किसानों द्वारा कुल तीन हजार 289 हेक्टेयर भूमि में गन्ने की खेती की जाती है। लगभग तीन से चार हजार किसानों द्वारा हर वर्ष गन्ना बेचा जाता है। गन्ना बेचने के लिए किसानों को पंजीकरण कराना आवश्यक है। बिना पंजीकरण वाले किसानों का गन्ना नहीं खरीदा जाएगा। इन किसानों को गन्ना बेचने में दिक्कत का सामना नहीं करना पड़े। इसके लिए गन्ना विभाग ने इस साल जिलेभर में कुल 16 गन्ना खरीद केंद्र खोला जाना है। जिसमें बजरंग नगर, महराजगंज, शंभूगंज, मुफ्तीगंज, गुलालपुर, खुटहन, सरायमोहिद्दीनपुर,ताखा, सुईथाकला, पवई प्रथम,खुद्दीनपुर, पवई द्वितीय, बदलापुर, चमावां, दीदारगंज, माहुल में गन्ना क्रय केंद्र खोला जाना प्रस्तावित है। लेकिन अभी तक गन्ना एवं चिनी आयुक्त का निर्देश नहीं आने के कारण क्रय केंद्रो को खोलने का कार्य नहीं किया जा रहा है।
इनसेट:
मोबाइल पर आए एसएमएस से भी किसान बेंच सकेंगे गन्ना
जौनपुर। गन्ना बेचने के लिए पर्ची लेने पर तत्काल किसान के मोबाइल पर एसएमएस आ जाएगा। जिसमें पर्ची पर लिखे सारे विवरण किसानों के मोबाइल आ जाएगा। इस दौरान किसान का नाम, गन्ना बेचने की मात्रा व पर्ची संख्या आदि विवरण अंकित होगा। मोबाइल पर आए एसएमएस को भी दिखाकर किसान गन्ना बेंच सकेंगे। उसका गन्ना क्रय केंद्रों द्वारा खरीदा जाएगा।
कोट:
गन्ना एवं चिनी आयुक्त का निर्देश आने के बाद गन्ना क्रय केंद्रो को खोलने का कार्य किया जाएगा। इस साल कुल 16 गन्ना क्रय केंद्र खोला जाना है। वहीं 15 नवंबर से गन्ना खरीद शुरु होगी। इसके साथ ही सठियांव व अंबेडकर नगर चिनी मिल भी शुरु हो जाएगी।
हुदा सिद्दीकी
जिला गन्ना अधिकारी