जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के गड़ैला गांव में गोली चलने से घायल रामजनम द्वारा पड़ोसी अधिवक्ता प्रवेश सिंह के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने से आक्रोशित दीवानी न्यायालय के अधिवक्ताओं ने कार्य बहिष्कार कर विरोध प्रदर्शन किया। शुक्रवार को अधिवक्ता एडिशनल एसपी से मिले। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर कार्यवाही का आश्वासन दिया।
अधिवक्ता प्रवेश सिंह व अन्य अधिवक्ताओं की दरखास्त पर संघ के अध्यक्ष बृजनाथ पाठक व मंत्री बरसातू राम अन्य अधिवक्ताओं ने प्रस्ताव पारित किया कि पड़ोसी रामजनम से अधिवक्ता प्रवेश का फौजदारी व जमीन संबंधी विवाद काफी दिनों से चल रहा है। । 22 अक्टूबर की रात रामजनम के घर में ही दूसरे तल पर से गोली चलाई गई जिससे रामजनम घायल हो गए। सोची समझी साजिश के तहत मुकदमेबाजी की रंजिश को लेकर अधिवक्ता प्रवेश अभियुक्त बनाया गया है। जबकि उक्त प्रकरण से अधिवक्ता का कोई संबंध नहीं है। यहीं प्रस्ताव एडिशनल एसपी को देखकर संघ ने निष्पक्ष जांच की मांग की। अधिवक्ताओं ने अधिवक्ता प्रवेश सिंह को फर्जी ढंग से एफआईआर में नामजद किए जाने की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए पूरे दिन न्यायिक कार्य का बहिष्कार कर विरोध प्रदर्शन किया।