सिकरारा। स्थानीय थाना क्षेत्र के बघौरा गांव में बुधवार की रात लगी आग में रिहायशी छप्पर और उसमें रखे गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने का कारण पता नहीं चल सका।
गांव निवासी जलील अहमद झोपड़ी बनाकर परिवार के साथ रहता है। रात में खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। तभी करीब साढ़े दस बजे झोपड़ी के एक हिस्से से आग लग गई। आग की लपटें उठने से झोपड़ी में सो रहे जलील की नींद खुल गई। उन्होंने शोर मचाते हुए पास में सो रहे परिवार के अन्य सदस्यों को बाहर निकाला। शोर सुनकर गांव के लोग भी पहुंच गए। जब तक आस पास के लोग आग बुझाने का प्रयास करते उसमें रखा कपड़ा, बिस्तर, अनाज सहित गृहस्थी का सारा सामान जल कर राख हो गया। जलील के पास घर के नाम पर झोपड़ी ही थी। आग लगने से पूरा परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को विवश है। ग्राम प्रधान पुत्र अतुल सिंह ने मौके पर पहुंच कर पीड़ित परिवार के लिए खाद्यान्न की व्यवस्था करवाई।