बदलापुर/घनश्यामपुर। पुरानी पेंशन की बहाली की मांग को लेकर वाराणसी से लखनऊ के लिए निकले पंचायतीराज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ की पदयात्रा बुधवार की देर शाम बदलापुर कस्बा में पंहुची। यात्रा में शामिल लोगों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नई पेंशन के प्रतियां जलाकर इस व्यवस्था को वापस लेने की मांग की। पदयात्रा का नेतृत्व कर रहे प्रदेश अध्यक्ष क्रांति सिंह ने कहा कि हम लोग नई पेंशन नीति को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेंगे। पुरानी पेंशन हमारा हक है, जिसे लेने के लिए हम कोई कोर कसर नही छोडेंगे। सरकार लगातार हम लोगों की मांग को अनसुनी कर रही है। जिसके गंभीर परिणाम होंगे। आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार को विधायक व मंत्रियों के भविष्य की चिंता है लेकिन कर्मचारियों की नहीं। सत्ता में बैठे विधायक व मंत्रियों के पेंशन व भत्ते बढ़ाए जा रहे हैं। तो दूसरी ओर कर्मचारियों के पुरानी पेंशन नीति को बदला दिया गया है। चेतावनी दिया कि मांग पूरी नहीं होती है तो हम लोगों देश भर में आंदोलन खड़ा करेंगे। इसके बाद पदयात्रा लखनऊ के लिए रवाना हुई। इस दौरान प्रदेश कोषाध्यक्ष बंसत लाल गौतम, अमर बहादुर यादव, अनुज सिंह, अजय लाल मौर्य, अखिलेश नाविक, अशोक यादव, लालमणि पाल रमाशंकर कन्नौजिया आदि उपस्थित रहे।