जौनपुर । विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य में जिला चिकित्सालय में बुधवार को मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता व चिकित्सा शिविर एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत 08 से 14 अक्तूबर तक चल रहे विश्व मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सप्ताह को सफल बनाने पर जोर दिया गया। साथ हीशिविर में मानसिक रोग से ग्रसित 93 मरीजों का नि:शुल्क परीक्षण एवं उपचार किया गया। वहीं 70 मरीजों की नि:शुल्क शुगर की भी जांच एवं उपचार किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रामजी पांडेय ने लोगों को मानसिक बीमारी के लक्षण एवं उससे बचने के बारे में बताया। कहा कि मानसिक बीमारी की स्थिति में कत्तई किसी झाड़ फूंक के चक्कर में न पड़े। जल्द-जल्द से मनोचिकित्सक से संपर्क करें और इलाज के जरिए राहत पाएं। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में इसके लिए काउंसिलिंग एवं नि:शुल्क दवाओं की व्यवस्था है।मानसिक रोग विषेशज्ञ डा. शशिकांत यादव एवं डा. हरिनाथ यादव मरीजों को परामर्श दिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव लोकेश वरूण द्वारा मनोरोग के संबंध में विस्तार से चर्चा की। अंत में नोडल अधिकारी एनसीडी डा. आरएस कुशवाहा द्वारा सबका आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का संचालन डा. एसके यादव ने किया। गोष्ठी में जिला चिकित्सालय के सीएमएस डा. एसके पाण्डेय सहित जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों व कर्मचारियों एवं अवध पैरामेडिकल के छात्र व छात्राएं उपस्थित रहें।