मुंगराबादशाहपुर। बीते तीन अक्तूबर को चौराहे के पास प्रतापगढ़ रोड पर विद्युुत पोल पर चढ़कर काम कर रहे प्राइवेट लाइनमैन राजेंद्र उर्फ रामू (25) की विद्युत करेेंट से मौत के बाद मुआवजे व अन्य मांगों को लेकर मुंगरा बादशाहपुर क्षेत्र के करीब नौ प्राइवेट लाइनमैन हड़ताल पर चले गए हैं। जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है। प्राइवेट लाइनमैनों का कहना है कि जब तक उनकी मांग नहीं मानी जाएगी, तब तक वह काम पर नहीं लौटेंगे।
हड़ताल कर रहे प्राइवेट लाइनमैनों ने प्राइवेट लाइनमैन मृतक राजेंद्र को ठेकेदार द्वारा उचित मुआवजा दिया जाए, विद्युत पोलों पर चढ़कर काम करने के लिए सुरक्षा उपकरण मुहैया कराया जाए, ठेकेदार द्वारा परिचय पत्र उपलब्ध कराया जाए, मानदेय नगद न देकर बैंक खातों में भेजा जाए, नियुक्ति पत्र दिए जाने आदि की मांग की है ताकि यह साबित हो सके कि वह ठेकेदार के अंडर में काम करते हैं। लाइनमैनों के हड़ताल पर चले जाने के बाद नगर के साहबगंज, मुख्य चौराहा, गजराजगंज, गोलामंडी, लाईमंडी, गुड़हाई सहित कई मुहल्लों में आपूर्ति पिछले दो दिनों से ठप है। इससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीण इलाकों में भी यही हाल है। लाइनमैनों के हड़ताल से लगातार आपूर्ति लड़खड़ा रही है। इस संबंध में विद्युत विभाग के जेई संदीप सरोज ने कहा कि प्राइवेट लाइनमैनों के हड़ताल से कामकाज प्रभावित हो रहा है। इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।
इनसेट:
पूर्व विधायक सीमा ने मृतक के परिजनों को दी एक लाख की सहायता
मुंगराबादशाहपुर । मुंगराबादशाहपुर की पूर्व विधायक व भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सीमा द्विवेदी ने शनिवार को मृतक प्राइवेट लाइनमैन राजेंद्र उर्फ रामू के घर जाकर परिजनों को एक लाख रुपये नगद सहायता राशि दी। इस मौके पर रोहन पांडेय, जितेंद्र मिश्रा, भरत तिवारी, देवेंद्र सिंह, संपत राम, शिव प्रसाद गुप्ता मौजूद थे।