जौनपुर। जनपद न्यायाधीश एके त्यागी, डीएम अरविंद मलप्पा बंगारी, एसपी दिनेश पाल सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने गुरूवार को जेल का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण में सब कुछ ठीक पाया गया। एक बंदी ने दुर्व्यवहार की शिकायत जरूर किया। जिस पर जेलर ने बताया कि चप्पल को काटकर मुलाकात करने आया एक व्यक्ति गांजा और डायजापॉम भरकर ले आ रहा था। तलाशी के दौरान पकड़ा गया तो हंगामा खड़ा कर दिया। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ लाइन बाजार थाने में केस दर्ज कराया गया है। जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जनपद न्यायाधीश, डीएम, एसपी ने जेल के बैरकों की स्थिति देखी। अस्पताल का निरीक्षण किया। बंदियों के लिए बन रहे खाने को देखा। महिला बैरक का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण में सब कुछ ठीक पाया गया। बंदियों ने पूछताछ में कोई शिकायत नहीं की। खाने में क्वालिटी को लेकर कुछ बंदियों ने सवाल उठाया। जेल में अधिकारियों के पहुंचते ही अफरा तफरी मच गई। वैसे पूर्व में बंदियों को इस बात की सूचना थी कि त्रैमासिक निरीक्षण होने वाला है। ऐसे में साफ सफाई से लेकर हर तरह की व्यवस्था दुरूस्त कर ली गई थी। इस मौके पर एसपी सिटी डा. अनिल कुमार पांडेय, सीएमओ डा. रामजी पांडेय आदि अधिकारी मौजूद रहे।