बरसठी। विकास खंड सभागार में बीडीओ ने ग्राम पंचायत अधिकारियों और प्रधानों के साथ बैठक कर ग्राम पंचायत में शौचालयों से वंचित पात्र लोगों का सर्वे कर तत्काल सूची कराने का निर्देश दिया गया। कहा गया कि इस काम में किसी भी पात्र का नाम नहीं छूटना चाहिए। ऐसा होने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सूची को 23 अक्टूबर तक हर हाल में तैयार करें। इससे शौचालय के लिए पैसा लाभार्थियों को दिया जा सके। बीडीओ रामदरश चौधरी ने कहा कि क्षेत्र के 88 ग्राम पंचायतों में शौचालय निर्माण के लिए 2012 के बेसलाइन सर्वे में छूटे हुए लाभार्थियों की सूची बनाई जाए। इसके लिए प्रधान एवं सचिव अपनी ग्राम पंचायत में मुनादी कराकर ऐसे लोगों को बुला लें। लाभार्थियों की सूची तैयार कर 23 अक्टूबर तक हर हाल में जमा करना है। बीडीओ ने बताया कि सूची के लिए बीपीएल, एपीएल के साथ महिला मुखिया परिवार, लघु सिमांत किसान, भूमिहीन परिवार और विकलांग लोगों को ही शामिल किया जाएगा। किसी का नाम छूटने के साथ गलत नाम दर्ज करने पर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में ग्राम पंचायत अधिकारी एवं सहायक विकास अधिकारियों की कार्यशाला आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने सभी ग्राम पंचायत अधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों को निर्देश किया कि निष्पक्षता एवं गंभीरता से सर्वे करें, पात्र व्यक्तियों का ही नाम सूची में सम्मिलित करें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गौरव वर्मा, जिला विकास अधिकारी दयाराम, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी रामदरश यादव, अनूप सिंह, राजन मौर्या उपस्थित रहे।