जौनपुर। मतदाता पंजीकरण अभियान को गति प्रदान करने के लिए जिले के सभी महाविद्यालयों के प्रबंधकों व प्रचार्यों की बैठक गुरुवार को कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में स्वीप प्रभारी/ डीआईओएस डा. ब्रजेश मिश्र की अध्यक्षता में हुई। जिसमें हर महाविद्यालय में मतदाता रजिस्ट्रेशन कक्ष बनाने का निर्णय लिया गया। साथ ही इस रजिस्ट्रेशन कक्ष में विद्यार्थियों को अपने परिवार के 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों के वोटर होने का प्रमाण देना होगा और 18 वर्ष से अधिक उम्र वाले छात्र-छात्राओं को वोटर बनाने के लिए फार्म भरे जाएंगे।
स्वीप प्रभारी/ डीआईओएस डा. ब्रजेश मिश्र ने बताया कि मतदाता पंजीकरण अभियान के तहत विधानसभा निर्वाचक नमावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य एक सितम्बर से 31 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। इसके तहत सभी महाविद्यालयों में मतदाता रजिस्ट्रेशन जागरुकता अभियान चलेगा व महाविद्यालयों में रजिस्ट्रेशन कक्ष बनाया जाएगा। जिसमें 18 वर्ष पूर्ण कर चुके छात्र-छात्राओं को वोटर बनने हेतु फार्म भरे जाएंगे और ऑनलाइन पंजीकरण की भी व्यवस्था रहेगी। प्रत्येक महाविद्यालय में एक कोआडिनेटर एवं हेल्पडेस्क की स्थापना की जाएगी। उन्होंने कहा कि कालेज सभी छात्र व छात्राओं से यह प्रमाण पत्र प्राप्त करेंगे कि उनके परिवार में 18 वर्ष की उम्र वाले सभी सदस्यों का मतदाता पहचान पत्र बन गया है और वे वोटर हैं। इसके अलावां सात,14 व 28 अक्तूबर को विशेष अभियान के तहत समस्त पोलिंग बूथों पर मतदाता पंजीकरण हेतु शिविर लगाया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन स्वीप कोआडिनेटर सैयद मो. मुस्तफा ने किया। इस अवसर पर प्रभारी सहायक निर्वाचन अधिकारी ब्रजेश चतुर्वेदी, स्वीप कोआडिनेटर आरएस यादव सहित जनपद के सभी महाविद्यालयों के प्रबंधक व प्रचार्य उपस्थित रहे।